Movie prime

Burhanpur News: शाम को बादल छाए दिन का दो व रात का तीन डिग्री बढ़ा पारा

 

Burhanpur News: नवत्पा में रोहिणी गलने के बाद से मौसम का मिजाज अब भी बदला हुआ है। रोजाना बादलों की लुका-छुपी चल रही है। शनिवार को भी दिनभर धूप-छांव का दौर चलता रहा। शाम 4 बजे के करीब बादल छाए तो लगा कि बारिश होगी। लेकिन बादल बरसे नहीं। इसके बाद फिर धूप निकल आई।

धूप निकलने के कारण शनिवार को अधिकतम तापमान में 2 और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी और उमस ने सभी को पसीना छुड़ाया। इससे परेशान लोगों को अब मानसून की तेज बारिश का इंतजार है। हालांकि मानसून को दस्तक देने में अभी समय है।

मौसम के बार-बार बदलाव से इस बार आलम यह रहा कि नवतपा में भी तापमान ज्यादा नहीं रहा। पिछले वर्षों में नवतपा के दौरान तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता था। लेकिन इस साल यह 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया। वहीं नवतपा के पहले ही दिन शहर सहित जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई।

इससे पहले 5 मई को आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे। आंधी ने जिले के एक दर्जन से ज्यादा गांवों में केला फसल को बड़ा नुकसान पहुंचाया। किसानों को मानसून की बारिश का इंतजार है। लेकिन वे आंधी-तूफान के डर से सहमे हुए भी हैं। आंधी-तूफान से हर साल बड़े पैमाने पर केला जमींदोज होती है। इससे किसानों को लाखों रुपए का नुकसान झेलना पड़ता है। सबसे परेशानी की बात यह है कि केला फसल बीमा योजना में शामिल नहीं है।

और बढ़ेगा तापमान, बारिश हो सकती है

मौसम खुलता है और तेज धूप निकलती है तो जून में तापमान 40 डिग्री और इससे ऊपर भी जा सकता है। इससे गर्मी बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो अगले एक सप्ताह गर्मी का असर रहेगा। तापमान बढ़ने के साथ प्री-मानसून की बारिश भी हो सकती है। पिछले सात दिन में से तीन दिन अधिकतम तापमान 36 और दो दिन 35 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पांच दिन रात का तापमान 25 डिग्री रहा।