Burhanpur News: शहर में नहीं हुआ पानी सप्लाई
Burhanpur News: शहर में गंदे पानी को लेकर लगातार शिकायतों के बाद कलेक्टर ने पानी के सैंपल लेकर जांच के निर्देश दिए थे। लेकिन गुरुवार को जेएमसी कंपनी ने शहर में पानी सप्लाई ही नहीं किया। मुख्य पाइप लाइन में खराबी आने के कारण टंकियां नहीं भरने इसके पीछे कारण बताया गया। रात के समय मुख्य पाइप लाइन से टंकियों में सप्लाई शुरू हुआ। जलावर्धन योजना को लेकर पार्षदों में नाराजगी है। इसको लेकर विपक्ष ने निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव से मुलाकात कर समस्या पर चर्चा भी की।
शहर में गंदा, मटमैला और बदबूदार पानी सप्लाई होने की पिछले एक सप्ताह से शिकायतें आ रहीं हैं। बुधवार को कांग्रेस पार्षद दल कलेक्टर हर्ष सिंह से मिला। कलेक्टर ने पानी के सैंपल लेकर जांच के आदेश दिए। गुरुवार को सैंपल लिए जाने थे। लेकिन जलावर्धन योजना का पानी सप्लाई ही नहीं हुआ। जेएमसी कंपनी ने बसाड़ से आ रही मुख्य पाइप लाइन में लीकेज होने से सुधार कार्य चलने की बात कही। टंकियों में पानी सप्लाई नहीं होने से पानी नहीं आया। शहर में साल 2017 से योजना का काम चल रहा है।
जुलाई 2025 में योजना का काम शुरू हुए 8 साल पूरे हो जाएंगे। लेकिन अब तक यह अधूरी है। आठ के करीब वाडों में पानी सप्लाई और टंकियों में मुख्य पाइप लाइन को जोड़ने का काम नहीं हुआ है। यहां नगर निगम पानी सप्लाई कर रहा है। पार्षद भी इससे नाराज हैं, क्योंकि योजना शुरू होने से पहले वादा किया था कि 24 घंटे पानी सप्लाई होगा। घरों में लगे मीटर के आधार पर बिल वसूली होगी। लेकिन दो घंटे भी पानी मुश्किल से मिल रहा है। इसमें भी प्रेशर कम होने, बार-बार लीकेज के कारण सप्लाई बंद होने की समस्या सामने आ रही है।
पानी की समस्या को लेकर विपक्ष आयुक्त से से मिला
शहर में गंदे पानी की सप्लाई की लगातार समस्या को लेकर कांग्रेस पार्षद दल ने निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव से मुलाकात की। विपक्ष ने कहा शहर में जेएमसी कंपनी ने पानी सप्लाई तो शुरू कर दिया। लेकिन लगातार समस्याएं सामने आ रही है। पानी का प्रेशर नहीं आ रहा है। गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। कभी भी पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है। गुरुवार से पानी की जांच शुरू होना थी, लेकिन अचानक मुख्य सप्लाई लाइन में खराबी बताकर पानी सप्लाई नहीं किया। वाडों में आ रहे गंदे पानी के कारण लोग बीमार हो रहे हैं।
विधानसभा में भी उठ चुका लापरवाही का मुद्दा
जलावर्धन योजना में लापरवाही और देरी का मुद्दा विधानसभा में भी उठ चुका है। विधायक अर्चना चिटनीस ने इसको लेकर आपत्ति ली थी। इसके बाद भी काम में कोई तेजी नहीं आई है। सांसद-विधायक और जनप्रतिनिधि अफसरों के साथ शहर में घूमकर योजना में हो रही लापरवाही को भी बता चुके हैं। कम गहराई में पाइप लाइन डालने, सप्लाई लाइन डालने में लापरवाही को लेकर भी आपत्ति ले चुके हैं।
निगम अध्यक्ष ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी
नगर निगम अध्यक्ष अनीता यादव के वार्ड में तीन महीने से पानी की समस्या है। वार्ड चार हिस्सों में बटा हुआ है। यहां तीन हिस्सों में जेएमसी कंपनी पानी सप्लाई कर रही है। निगमाध्यक्ष का मकान जिस हिस्से में है, वहां जलावर्धन योजना का पानी आता ही नहीं है। इस कारण कुएं से पानी सप्लाई करना पड़ती है। निगमाध्यक्ष ने कहा वार्ड में जेएमसी कंपनी का पानी सप्लाई हो। व्यवस्था नहीं हो सकती है तो पूरे वार्ड में कुएं से ही पानी सप्लाई किया जाए। पानी के कारण पूरा वार्ड परेशान है। समस्या का दो दिन में निराकरण नहीं होता है तो अध्यक्ष ने धरना प्रदर्शन कर विरोध की चेतावनी दी है।