Movie prime

त्योहार पर बस ऑपरेटरों की मनमानी, किराया सूची गायब और वसूली दोगुनी

 

Bina News: देवरी कला और आसपास के क्षेत्रों में रक्षाबंधन के दौरान यात्री बसों के ऑपरेटरों ने निर्धारित किराए से दोगुनी राशि वसूली। आरटीओ के निर्देशों के बावजूद बसों में किराया सूची चस्पा नहीं की गई, जिससे यात्री मनमानी वसूली का शिकार हुए। कई मामलों में देवरी का किराया लेने के बजाय नरसिंहपुर का किराया वसूला गया, जबकि देवरी और सागर के बीच दूरी 65 किमी है, वहीं नरसिंहपुर 140 किमी दूर है।

यात्रियों ने बताया कि यह वसूली लंबे समय से चल रही है, सिर्फ त्योहार पर ही नहीं। देवरी से नागपुर का किराया 425 रुपए तय है, लेकिन 500 रुपए वसूला जा रहा है। अन्य शहरों में भी यही स्थिति है। किराया सूची न होने के कारण बस ऑपरेटर बिना रोक-टोक यात्रियों से अधिक शुल्क ले रहे हैं।

बसों में न तो महिलाओं और दिव्यांगों के लिए सीट आरक्षित हैं, न ही आपातकालीन द्वार और अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं हैं। कई बसें क्षमता से अधिक सवारियों से भरी जाती हैं। कंडक्टर और ड्राइवर के पास ड्रेस नहीं होती, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो जाती है।

आरटीओ सागर मनोज टेनगुरिया ने कहा कि अधिक किराया लेने या किराया सूची न होने पर यात्री लिखित में शिकायत करें, तभी कार्रवाई संभव है। वर्तमान नियमों के अनुसार, सामान्य बसों का पहले किलोमीटर का किराया 7 रुपए और आगे 1.25 रुपए प्रति किमी तय है। रात में और डीलक्स बसों में 25% अतिरिक्त तथा एसी सुपर डीलक्स में 1.75 रुपए प्रति किमी किराया वसूला जा सकता है।