भारतीय नौसेना में कमीशन अधिकारी सब लेफ्टिनेंट बना बुरहानपुर का बेटा
Burhanpur News: शहर निवासी बुरहानपुर के बेटे देव पिता गोविंद परदेशी भारतीय नौसेना में कमीशन अधिकारी सब लेफ्टिनेंट बन गया। देव की इस उपलब्धि से पूरा बुरहानपुर गौरवान्वित हुआ है। शहर के गुरुसिख नगर कॉलोनी निवासी आर्मी से रिटायर्ड गोविंद परदेशी के बेटे 23 वर्षीय देव ने पहले (एनडीए) नेशनल डिफेंस एकेडमी में यूपीएससी की परीक्षा में 228वीं रैंक के साथ सफलता हासिल की। मुख्य कार्यक्रम में देव के कंधे पर माता-पिता ने अपने हाथों से स्टार लगाए।
देव ने बिना कोचिंग के आर्मी स्कूल बेंगलुरु से पढ़ाई पूरी की। उनकी मां लक्ष्मी परदेशी गृहिणी है। जबकि पिता गोविंद परदेशी भारतीय थल सेना से सेवानिवृत्त है। देव की इस सफलता से बुरहानपुर का नाम भी रोशन हुआहै। देव ने यूपीएससी एनडीए की तैयारी के लिए रोजाना 12 घंटे पढ़ाई की। तीन साल की मेहनत के बाद एनडीए से पास आउट हुआ।
इसके बाद केरला की एकेडमी से एक वर्ष की ट्रेनिंग ली। 31 मई 2025 को भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बने। मुख्य कार्यक्रम में देव के कंधे पर माता-पिता ने अपने हाथों से स्टार लगाए। इस गौरवशाली क्षण में माता पिता की आंखों से खुशी के आंसू निकल पड़े। देव ने बताया भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना हमेशा से उनके दिल में रहा।
इसके लिए माता-पिता ने उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया। सब लेफ्टिनेंट देव ने बताया नेवी में अफसर की वर्दी पहनने के बाद बहुत गर्व हो रहा है। गोविंद परदेशी ने बताया देव के नाना उसे हमेशा गजेटेड अफसर बनता देखना चाहते थे। उन्होंने उसे खूब प्रोत्साहित किया। कठिन परिश्रम के समय में उसके मन में खूब विश्वास जगाया।