जिला अस्पताल में सर्वर समस्या से जन्म प्रमाण पत्र कार्य ठप, लोग हो रहे परेशान
Burhanpur News: जिला अस्पताल में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने और सुधार के लिए आने वाले लोगों को पिछले एक महीने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। जन्म प्रमाण पत्र जारी करने वाले पोर्टल का सर्वर धीमा होने से काम ठप पड़ा है। ग्रामीण इलाकों से आने वाले लोग कई-कई बार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्रमाण पत्र बन नहीं पा रहे हैं। पहले यह प्रक्रिया एक दिन में पूरी हो जाती थी, पर अब लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि बच्चे के जन्म के बाद सरकारी योजनाओं का लाभ, स्कूल में प्रवेश और अन्य दस्तावेजों के लिए जन्म प्रमाण पत्र जरूरी होता है, लेकिन सर्वर दिक्कत के कारण समय पर नहीं मिल पा रहा। पहले से बने प्रमाण पत्रों में नाम जैसी गलतियों को सुधारना भी संभव नहीं हो रहा है।
स्कूलों में नामांकन के समय गलत नाम वाले प्रमाण पत्र से बच्चों को दिक्कत हो रही है। अस्पताल कर्मचारी सर्वर की समस्या का हवाला देकर लोगों को वापस भेज देते हैं। स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार बच्चे का जन्म पंजीकरण कर 24 घंटे में प्रमाण पत्र जारी होना चाहिए, लेकिन तकनीकी दिक्कत से यह प्रक्रिया एक महीने से अटकी हुई है।