बाइक समेत युवक नाले में बहा, 100 मीटर तक बहने के बाद पेड़ से टकराया; मौत से लड़ता रहा सुबह होने तक
जबलपुर, 23 अगस्त(इ खबर टुडे)। सिहोरा थाना क्षेत्र में मझगवां रोड पर पाराखेड़ा के समीप युवक उफनाते नाले में मोटरसाइकिल समेत बह गया। तेज बहाव में करीब 100 मीटर तक बहने के बाद युवक ने पेड़ का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
मोटरसाइकिल से जर्जर पुलिया पार कर रहा था
हादसे के बाद युवक देर रात सुरक्षित अपने घर पहुंचा। उसकी मोटरसाइकिल को ग्रामीणों ने नाले से बाहर निकाला।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डेलन सिंह मरावी बेलन से बिजैयां होते हुए अपने घर लौट रहा था। रात करीब 11 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से जर्जर पुलिया पार कर रहा था।
अंधेरे के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया
तेज बारिश के कारण नाले में पानी उफान पर था। पुलिया क्षतिग्रस्त होने और अंधेरे के कारण रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दिया, जिससे वाहन समेत डेलन तेज बहाव में बह गया। कुछ दूर तक बहने के बाद वह एक पेड़ से टकराया और उसे पकड़कर नाले से बाहर निकलने में सफल रहा।
स्वजन को आपबीती बताई तो वे भी स्तब्ध रह गए
डेलन ने बताया कि कुछ समय के लिए उसे लगा कि शायद अब बचना मुश्किल है, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और सुरक्षित बाहर आ गया। घर पहुंचकर जब उसने स्वजन को आपबीती बताई तो वे भी स्तब्ध रह गए।
पुलिया करीब एक वर्ष से क्षतिग्रस्त, अब तक मरम्मत नहीं
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिया करीब एक वर्ष से क्षतिग्रस्त है, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया की जल्द मरम्मत की मांग की है। आशंका जताई कि लापरवाही जारी रही तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

