Movie prime

Mahu News: पहली बार पैदल पुल पर 620 मीटर लंबी पैरापिट वॉल और दरवाजे का निर्माण, अब सैलानियों के वाहनों की एंट्री नहीं

 

Mahu News: तहसील के दो प्रमुख डेमों पर दो साल पूर्व ड्रिप प्रोजेक्ट के तहत सेफ्टी पाइंट के साथ ही सौंदर्याकरण के कार्य शुरू हुए थे। इसमें नखेरी डेम पर तो डेढ़ साल पूर्व ही सभी कार्य हो गए थे। वहीं अब चोरल डेम पर इन कार्यों की शुरुआत हुई। इसमें डेम के पैदल पुल पर पैरापिट वॉल का निर्माण किया गया। इसके साथ ही जल्द ही अब इस हिस्से में मार्ग पर डब्ल्यूबीएम किया जाएगा।

पांच साल पूर्व 2020 में दिल्ली से आए दल ने दोनों डेमों का निरीक्षण किया था। इसके बाद दोनों ही डेम पर ड्रिप प्रोजेक्ट के तहत 665 लाख रु. में विभिन्न प्रकार के सेफ्टी कार्य के साथ ही सौंदर्याकरण कार्य के प्रस्ताव बनाए गए थे। इसमें नखेरी डेम पर तो डेढ़ साल पूर्व ही सभी कार्य हो गए थे। लेकिन चोरल डेम के कार्य में लगातार लेटलतीफी हो रही थी।

इसके बाद अब यहां पर भी इन कार्यों में रफ्तार पकड़ी है। इसमें डेम के पैदल पुल पर 620 मीटर लंबी पैरापिट वॉल का निर्माण किया गया है। इसके अलावा यहां पर पिंचिंग एरिया को भी सुरक्षित किया जा रहा है। जिससे की यहां पर आने वाले सैलानियों को किसी तरह की असुविधा न हो। इसमें अब पैरापिट वॉल का निर्माण तो हो गया है।

लेकिन अभी यहां पर पैदल के मार्ग पर आगामी दिनों में डब्ल्यूबीएम का कार्य भी किया जाना बाकी है। जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पैरापिट वॉल तो बन गई है। जल्द ही डब्ल्यूबीएम भी किया जाएगा। 

आवाजाही को रोकने के लिए स्थाई बंदोबस्त नहीं थे 
यहां डेम के पैदल पुल पर पहली बार दरवाजा भी लगाया गया है। अब तक इस पैदल पर किसी तरह से आवाजाही को रोकने के लिए स्थाई बंदोबस्त नहीं थे। लेकिन अब यहां पर पहली बार दरवाजा भी लगाया गया है। जिससे की चार पहिया वाहन व दोपहिया वाहन पैदल पुल पर नहीं आ जा सकेंगे। यहां पुल पर सैलानी सिर्फ पैदल ही भ्रमण कर सकेंगे। पूर्व में यहां पर वाहनों को रोकने लिए या तो पत्थर जमाए जाते थे, या फिर लकड़ी लगाकर अस्थाई रुप से रास्ता रोका जाता था।