Bina News: ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन के 40 कर्मचारियों ने की टूल डाउन हड़ताल सीनियर सेक्शन इंजीनियर के बर्ताव से थे नाराज दोपहर
Bina News: टीआरडी (ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन) के एसएसई (सीनियर सेक्शन इंजीनियर) के बर्ताव से आक्रोशित विभाग के 40 कर्मचारियों ने गुरुवार सुबह 8 बजे टूल डाउन हड़ताल कर दी। हड़ताल के साथ ही कर्मचारियों ने 14 सूत्रीय ज्ञापन सीनियर डीईई अनिल पटेल को देकर एसएसई राहुल गोयल को हटाने की मांग की है। कर्मचारी दोपहर तक ऑफिस के बाहर खड़े रहे।
सीनियर डीईई के आश्वासन पर दोपहर 2 बजे कर्मचारी हड़ताल खत्म कर काम पर लौटे। कर्मचारियों की हड़ताल की खबर लगते ही वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष बीएल मिश्रा सहित यूनियन अन्य पदाधिकारी कर्मचारियों के समर्थन में आ गए। कर्मचारियों ने बीएल मिश्रा को बताया कि वह एसएसई राहुल गोयल के व्यवहार से दुखी हैं।
वह कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा में बात करते हैं और ट्रांसफर कराने की धमकी देते हैं। जरूरत के समय न तो कर्मचारियों को छुट्टी दी जाती है और न समय पर अवकाश स्वीकृत किए जा रहे हैं। हैं। डिपो के सभी कर्मचारियों से निर्धारित घंटों से ज्यादा काम लिया जा रहा और उन्हें नियमानुसार ओवर टाइम काम करने का अतिरिक्त भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है।
कई कर्मचारियों का यात्रा भत्ता पांच माह से लंबित हैं। मेडिकल लेने वाले कर्मचारियों की अनुपस्थिति लगा देते हैं। एसएसई कर्मचारियों को दूसरे तरीके से भी परेशान कर रहे हैं। इसके चलते डिपो के सभी कर्मचारियों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसके अलावा कर्मचारियों ने यूनियन के पदाधिकारियों के साथ सीनियर डीईई को 14 सूत्रीय ज्ञापन देकर एसएसई को हटाने की मांग की है।
इस मामले में एसएसई राहुल गोयल का कहना है कि हमारे पास मैन पावर कम है। सीमित कर्मचारियों से हमें नियमित काम कराना है। काम का बोलते हैं तो स्टाफ इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। मेरे ऊपर लगाए सारे आरोप गलत हैं। ज्ञापन देने वालों में लाखन सिंह अध्यक्ष मुख्य शाखा बीना, सार्थक तिवारी उपाध्यक्ष बीना मुख्य शाखा, गोपाल शुक्ला, आनंद शेषा शामिल हैं।
आश्वासन दिया, 6 घंटे बाद काम पर लौटे कर्मचारी
विभाग के सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर ऑफिस पहुंच गए, लेकिन उन्होंने काम शुरू नहीं किया। कर्मचारियों में ज्यादातर टेक्नीशियन और हेल्पर थे। कर्मचारी एसएसई ऑफिस के सामने खड़े होकर अधिकारी को हटाने की मांग करने लगे। छह घंटे हड़ताल पर रहने के बाद दोपहर 2 बजे सीनियर डीईई के आश्वासन पर कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की और काम शुरू कर दिया।