Movie prime

Barwani News: 15 गांवों के 300 लोगों ने तालाब गहरीकरण कर बनाए कंटूर ट्रेंच व चेक के साथ स्टॉपडैम

 

Barwani News: पाटी ब्लॉक के लिंबी गांव में रविवार को 15 गांवों के करीब 300 लोग एकत्र हुए। सभी ने मिलकर तालाब का गहरीकरण, 300 से ज्यादा कंटूर ट्रेंच, चेक डेम और स्टॉपडैम बनाए। यह काम गदड़ बैड़ा और कामोत फलिया में हुआ। आदिवासी परंपरा ढास के तहत यह आयोजन किया गया। दिसंबर में हुई पाटी शोध यात्रा के बाद से ही क्षेत्र में परंपराओं के जरिए विकास की चर्चा चल रही थी। इसी कड़ी में यह ढास तय हुआ।

ढास से पहले गांवों में संपर्क अभियान चला। युवाओं ने परंपराओं को फिर से जीवित करने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। 30 छात्राएं और 100 से ज्यादा महिलाएं भी जुीं। तेज धूप में पत्थर और जमीन तप रही थी, फिर भी महिलाओं ने गर्म पत्थर उठाकर चेक डैम बनाने में हिस्सा लिया। एक परिवार ने बेटी की शादी छोड़ ढास में हिस्सा लिया।

बेटी ने वनदेवी की पूजा कर पहली गेती चलाई। गड्डा खोदकर पवित्र वृक्ष लगाया। परिवार ने तय किया था कि विवाह की छाक ढास के बाद ही होगी। उनका संदेश था कि परंपरा से गांव और जंगल आगे बढ़ेंगे तो देवता और पूर्वज भी खुश होंगे। कार्यक्रम में आदिवासी संत पहाड़सिंह महाराज, रामेश्वर महाराज, मायटा महाराज, बिनाज्या महाराज, गांव पटेल लखम सिंह, पुजारा भीकाराम, डायला दिनेश, बड़वा कमीश ने भूमि पूजन कर देवताओं का आवाहन भी किया गया। ढास में किसी स्वार्थ की भावना नहीं थी।

कार्यक्रम में पेसा एक्ट जिला समन्वयक प्रीतम बडोले, सतीश भूरिया, समन्वयक आशीष मेहरा, ब्लॉक अनुज मेहरा, मनीष पुरोहित, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कमल बामनिया, जन अभियान परिषद के विवेक गोरे, प्रो. अनिल पाटीदार सहित कई लोग इसमें शामिल हुए। पाटी ब्लॉक के रहने वाले डॉ. रायसिंह सोलंकी व डॉ. अप्पू बामनिया ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। मेडिकल कैंप में डॉ. राकेश डावर और डॉ.महिमा बामनिया ने मरीजों का इलाज किया। डॉ. महिमा ने महिलाओं की बीमारियों का निदान किया।

डॉ. डावर ने कई रोगियों को राहत दी। ढास की रूपरेखा डॉ. सौरभ मारू ने बनाई। उन्होंने बताया कि यह परंपरा जीवन सृष्टि के लिए जरूरी है। आदिवासी संस्कृति की सामूहिकता आधुनिक समाज को सीख देती है। परंपरा अनुसार सभी को भोजन कराया गया। भोजन की व्यवस्था लिंबी गांव के लोगों और वालसिंह दादा की टीम ने की।