Movie prime

Mandsaur news: मंदसौर जिले में 24 हजार किसानों ने बेची अपनी उपज, अब सिर्फ दो दिन शेष

 

Mandsaur news: मप्र शासन ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी करने की अंतिम तारीख 5 मई तय कर रखी है। यानी 5 मई की शाम या रात तक ही खरीदी होगी। पंजीयन के आंकड़े के अनुसार जिले में अभी करीब 23 हजार किसान शेष हैं। जिन्हें अपनी उपज विक्रय करना है। विभाग के अनुसार खरीदी के लिए समय कम होने के चलते देर रात तक खरीदी कर रहे हैं। अब तक 31 हजार से ज्यादा किसान उपज विक्रय के लिए स्लॉट बुक करा चुके हैं। जबकि करीब 24 हजार किसानों ने फसल सरकार को दे दी है। इस बार 25 मार्च से गेहूं की खरीदी प्रारंभ हो गई थी। किसानों के अच्छे रुझान को देखते हुए पहले ही खरीदी का लक्ष्य बढ़ा दिया गया था। आपूर्ति विभाग के

अधिकारियों के अनुसार इस बार गेहूं खरीदी की एक बार भी तारीख नहीं बढ़ी, बावजूद इसके अच्छी मात्रा में खरीदी की गई है। जिले में करीब 70 केंद्रों पर वर्तमान में खरीदी जारी है। इस बार जिले के 48 हजार 340 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए पंजीयन कराया था। एक अनुमान के मुताबिक ये कुल गेहूं किसानों का एक तिहाई है। ऐसे में सिर्फ दो दिन की अवधि में शेष 23 हजार किसानों का गेहूं विक्रय करना संभव नहीं है। इधर अधिकारियों ने शनिवार को रात 10 बजे तक टोकन वितरित किए। इससे रात 12 बजे खरीदी चली। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक मात्रा में खरीदी हो सके। रविवार को भी खरीदी की प्रविष्टि की जा सकेगी। जबकि पहले शनिवार व रविवार को अवकाश रहता था व किसी भी प्रकार की प्रविष्टि नहीं हो पाती थी।

1 लाख 72 हजार मीट्रिक टन खरीदा गेहूं

विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब तक खरीदी 1 लाख 72 हजार मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है। बारदान सहित सभी सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कुछ ऐसे सेंटर है, जहां किसान कम पहुंचे हैं। बाकी तो लगभग सभी खरीदी केंद्रों पर किसान बड़ी संख्या में आए व अपनी उपज विक्रय की। इस बार दाम अधिक मिलने के चलते किसानों का अच्छा समर्थन इस पूरे सिस्टम को मिला है।