Movie prime

MP के इस जिले में 1 हजार कर्मचारियों ने की हड़ताल, कामकाज हुआ ठप, सड़कों पर पसरा कचरा 

 

MP News: मध्य प्रदेश राज्य के मुरैना जिले में निगम के 1 हजार कर्मचारियों की हड़ताल से सफाई ठप हो गई है और सड़कों पर चारों तरफ कचरा पसर गया है। नगर निगम के 1 हजार कर्मचारी गुरुवार को भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों का कहना है कि उनसे बातचीत करने के लिए एकाउंट के अधिकारी आए। लेकिन उन्होंने संतोषजनक जबाव नहीं दिया। जिसके विरोध में शाम 4 बजे से कर्मचारियों ने शहर की सड़कों पर नारे बाजी करते हुए रैली निकाली।

सड़कों पर लगे कचरे के ढ़ेर 

कर्मचारी यूनियन सीटू के नेता रामदास दौदेरिया ने बताया कि जुलाई महीने का वेतन अब तक न मिलने को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने बताया कि एकाउंट विभाग के अधिकारी गुरुवार को बात करने आए। उन्होंने कहा कि जुलाई महीने का वेतन 30 अगस्त तक दिया जा सकेगा।

क्योंकि उनके पास कोई फंड नहीं है। इस पर कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म न करने की बात कही। ज्ञात हो कि हड़ताल पर गए कर्मचारियों में 125 डोर-टू-डोर कलेक्शन वाहन व मशीनों के ऑपरेटर सहित, 600 सफाई कर्मचारी व अन्य ऑफिस स्टाफ को मिलाकर कुल 1 हजार कर्मचारी शामिल हैं। जिसके चलते शहर में न तो कचरा कलेक्शन हुआ, नहीं सड़कों पर लगे कचरे के ढेर उठाए गए। शहर की सड़कों पर कचरा ही कचरा नजर आया।

शाम 4 बजे कर्मचारियों ने नगर निगम से एक रैली निकाली जो शहर भर में भ्रमण कर वापस आंदोलन स्थल पहुंची। कर्मचारियों ने बताया कि जून 2023 से जून 2025 तक का जीपीएफ जमा नहीं करवाया है। इसे मय ब्याज जमा कराया जाए। अप्रैल 2024 से जून 2025 तक का एनपीएस भी मय ब्याज जमा कराया जाए।