Khargon News: खरगोन जिले में सड़कों पर गड्ढों से फिसल रहे वाहन, साइड शोल्डर भी अधूरे, मरम्मत पर नहीं दिया जा रहा है ध्यान
Khargon News: खरगोन जिले की ग्राम पंचायत सताजना के भूलगांव फाटे से नीलकंठ तक बनी प्रधानमंत्री सड़क की हालत खराब हो चुकी है। सड़क पर गड्ढे बढ़ते जा रहे हैं। साइड शोल्डर भी अधूरे हैं। इससे दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं। राहगीरों को चलना मुश्किल हो गया है। यह सड़क चार गांवों के किसानों को सनावद-खरगोन मार्ग से जोड़ती है। किसान इसी रास्ते से फसल मंडी तक ले जाते हैं।
हाईस्कूल के सामने मिट्टी का ढेर पड़ा है। कई बार दोपहिया वाहन फिसल चुके हैं। हाल ही में अपने बच्चे के साथ जा रहे योगेश बिरला की बाइक गीली मिट्टी के कारण फिसल गई। दोनों गिर गए। गनीमत रही कि कोई बड़ी चोट नहीं आई। गांव में ईंट बनाने वाले ट्रैक्टर मिट्टी मिलाकर बिना धोए सड़क पर ले जाते हैं। इससे पूरी सड़क गंदी हो जाती है। दोपहिया वाहन फिसलते-फिसलते बचते हैं। सरपंच कड़वा अहिरवाल ने बताया ट्रैक्टर चालकों को मौखिक व लिखित रूप से चेतावनी दी गई है। फिर भी कोई ध्यान नहीं दे रहा।
अधिकारी भी सड़क की मरम्मत को लेकर उदासीन हैं। बारिश में गड्डों में पानी भर जाता है। वाहन फिसलते हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालक संतुलन नहीं बना पाते। ग्रामीणों व यात्रियों ने मांग की कि सड़क की मरम्मत जल्द की जाए। साइड शोल्डर भी ठीक किए जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ध्यान नहीं दिया तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारी रूपेश मंडलोई से चर्चा करना चाही लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।