Jaora News: रतलाम जिले की जावरा नगरपालिका ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए हुए फेस रिकॉग्निशन अटेंडेंस सिस्टम लागू किया जो बेहतर पहल है। इससे कर्मचारियों पर नियंत्रण भी होगा। शुरुआत में सर्वर धीमा चलने और मशीनों की कमी के कारण कर्मचारियों को परेशान होना पड़ रहा है। खासकर फील्ड के कर्मचारियों के लिए अलग से मशीन नहीं होने से उन्हें नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर ही अटेंडेंस लगाना पड़ रही है। अटेंडेंस लोकेशन भी नगरपालिका परिसर की ही लॉक की है। ऐसे में नपा की यह व्यवस्था तो अच्छी है लेकिन इसमें कुछ और सुधार और विस्तार की आवश्यकता है।
नपा में अधिकारी-कर्मचारी और दैनिक वेतन भोगी मिलाकर 600 कर्मचारी हैं। हर महीने औसत सवा से डेढ़ करोड़ रुपए वेतन बंटता है। कई बार यह आरोप लगाते हैं कि कर्मचारी समय पर काम पर नहीं आते हैं या फिर फील्ड के कर्मचारियों पर एवजी लगाने के आरोप भी पिछले कार्यकाल में लग चुके हैं। ऐसे में फेस रिकॉग्निशन अटेंडेंस सिस्टम लागू होने से वे सारी समस्याएं दूर होंगी। नपा प्रशासन सभी अधिकारियों-कर्मचारियों पर नियंत्रण भी रख सकेगा। इसलिए अटेंडेंस की नई व्यवस्था काफी अच्छी है और कर्मचारी-अधिकारी भी इसे अपनाने को तैयार हैं। सर्वर की समस्या और मशीनों की कमी के कारण उन्हें थोड़ी परेशानी हो रही है। गुरुवार सुबह 9 बजे वाटर वर्क्स, उद्यान और अन्य कर्मचारी अटेंडेंस के लिए नपा परिसर पहुंचे लेकिन सर्वर धीमा चलने से अटेंडेंस वाले मोबाइल एप ने काम नहीं किया। घंटे भर कर्मचारी परेशान होते रहे। ज्यादा लेट होने पर कुछ बिना अटेंडेंस लगाए ही फील्ड में काम पर निकल गए। ऐसी स्थिति एक-दो दिन पहले भी निर्मित हुई थी। कर्मचारियों को वेतन कटने का डर है।
8 घंटे की ड्यूटी, फील्ड से ड्यूटी के पहले और बाद में अटेंडेंस के लिए कार्यालय जाना पड़ रहा
नपा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए नपा परिषद कार्यालय को ही लोकेशन अटेंडेंस के साथ फेस रिकॉग्निशन अटेंडेंस सिस्टम का केंद्र बना रखा है। चाहे कर्मशाला के कर्मचारी या फिल्टर प्लांट के अथवा मलेनी बैराज के कर्मचारी सभी को अटेंडेंस लगाने के लिए पहले कार्यालय आना है। 8 घंटे की ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस अटेंडेंस लगाने के लिए फिर से कार्यालय आना पड़ रहा है। ऐसे में उनका एक से डेढ़ या 2 घंटा अतिरिक्त जा रहा है। यदि नगरपालिका प्रशासन अतिरिक्त मशीनें खरीदकर एक मशीन चौपाटी, एक कर्मशाला, एक फिल्टर प्लांट और एक मलेनी बैराज सम्पवेल पर लगा दे और वहां की लोकेशन सेट कर दे तो व्यवस्था में सुधार होगा और कर्मचारी भी उसका अच्छे से पालन कर सकेंगे।

 
                                                
