आम्बुआ के 37 गांवों की महिलाएं डॉक्टर की कमी से परेशान
Jhabua News: आम्बुआ क्षेत्र के 37 गांवों के मरीजों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ही एकमात्र सहारा है। लेकिन यहां महिला डॉक्टर की कमी के कारण महिला मरीजों को इलाज में काफी परेशानी हो रही है।
अस्पताल में फिलहाल केवल एक पुरुष डॉक्टर तैनात हैं, जो सभी मरीजों का इलाज कर रहे हैं। महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन वे अपनी बीमारी खुलकर नहीं बता पातीं, जिससे उनका इलाज अधूरा रह जाता है।
पहले क्षेत्र में कई फर्जी डॉक्टरों के क्लीनिक चल रहे थे। प्रशासन की कार्रवाई के बाद ये क्लीनिक बंद हो गए, जिससे अब सरकारी अस्पताल में मरीजों की संख्या और भी बढ़ गई है।
पहले यहां डॉ. सविता डाबर, एक आयुर्वेदिक महिला डॉक्टर पदस्थ थीं। महिलाएं उनसे आसानी से अपनी समस्या बताकर इलाज लेती थीं। लेकिन एक शिकायत के बाद उनका तबादला कर दिया गया और अब तक किसी महिला डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की गई है।
कुछ समय पहले गांव के लोगों ने सीएमएचओ से महिला डॉक्टर भेजने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आयुष चिकित्सा सेवा भी बंद है। शासन ने पहले आयुर्वेदिक इलाज के लिए डॉ. डाबर की नियुक्ति की थी। उनके ट्रांसफर के बाद न तो कोई दूसरा डॉक्टर आया और न ही आयुष विभाग का ऑफिस खुला।
इलाके के लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द महिला डॉक्टर की नियुक्ति की जाए ताकि महिलाओं को सही इलाज मिल सके और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें।