Movie prime

 

 सारी डीजल सिटी बसों को बंद करने की तैयारी में इंदौर,  शहर में अगले माह से चलेंगी 150 इलेक्ट्रिक बसें, अभी आ चुकी हैं 40 बसें

 

इंदौर,02 जून (इ खबर टुडे ) । शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड (एआइसीटीएसएल) इलेक्ट्रिक बसें बढ़ाने जा रहा है। 

अभी जहां 120 बसें चल रही है। वहीं, जुलाई के महीने में 150 और चलाने की तैयारी है। 150 में से 40 इलेक्ट्रिक बसें आकर डिपो में खड़ी हो चुकी है। बाकी बची हुई बसें इसी महीने जून में आने की बात कही जा रही है।

इंदौर का क्षेत्रफल बढ़ता जा रहा है। साथ ही लोकल पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिए ग्रीन मोबिलिटी की तरफ भी इंदौर बढ़ता रहा है। इसके चलते डीजल-पेट्रोल की अपेक्षा इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डीजल-पेट्रोल बचाने की अपील के बाद से इलेक्ट्रिक वाहनों की तरफ शहरवासियों का रूझान पहले से ज्यादा बढ़ गया है।

बदलेंगी डीजल की सारी बसें
एआइसीटीएसएल शहर में चलने वाली सारी डीजल सिटी बसों को बंद करने की तैयारी में हैं, क्योंकि डीजल से चलने वाली बसें खराब होने के साथ धुआं अलग छोड़ती है। इसलिए शहर में इलेक्ट्रिक व सीएनजी बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि शहर की वायु गुणवत्ता सुधरने के साथ बढ़ते प्रदूषण को कम किया जा सकें। साथ ही पेट्रोल व डीजल भी बचेगा। 

वहीं, इंदौर से आसपास के प्रमुख शहरों उज्जैन, भोपाल, खरगोन, सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर, रतलाम, घार-मांडव एवं महेश्वर के लिए 26 सर्वसुविधायुक्त इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। एआइसीटीएसएल बोर्ड ने इस सेवा को अतिशीघ्र आरंभ करने के लिए जिम्मेदार अफसरों को निर्देशित किया है।

वर्तमान बसों की संख्या
400 सिटी बसें चल रही हैं
120 इलेक्ट्रिक बसें हैं
29 सीएनजी बसें हैं