Movie prime

हरियाणा में होंगी 7596 ग्रुप डी के पदों पर भर्ती, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

हरियाणा में होंगी 7596 ग्रुप डी के पदों पर भर्ती, मुख्यमंत्री ने की घोषणा
 

 हरियाणा सरकार जल्द ही बंपर भर्तियां निकालने वाली है। ग्रुप-डी के 7596 पदों के लिए जल्द ही आवेदन मांगे जाएंगे। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने कर दी है। इन भर्तियों से सरकारी विभागों में खाली पड़े चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पद भरे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भर्ती में वंचित अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्गों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा। युवाओं का चयन सामान्य पात्रता परीक्षा के स्कोर के आधार पर होगा। यह भर्ती प्रक्रिया सामाजिक न्याय को मजबूत करेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर देगी। 


मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पहली बार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों की भर्ती में 1209 पद वंचित अनुसूचित जाति और अन्य अनुसूचित जाति के लिए आर​क्षित किए गए हैं। इनमें डीएससी के लिए 605 तथा ओएससी के लिए 604 पद होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस भर्ती में भर्ती में वंचित अनुसूचित जाति और अन्य अनुसूचित जाति के साथ ही पिछड़ा वर्ग-ए (बीसीए), पिछड़ा वर्ग-बी (बीसीबी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईब्लयूएस), दिव्यांग, खिलाड़ियों और एक्स सर्विसमैन को भी आरक्षण का लाभ दिया जाएगा। कर्मचारियों के चयन के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा यानी सीईटी स्कोर का उपयोग किया जाएगा। यह पारदर्शी और मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया को सुनि​श्चित करेगा। 


अपने वायदे को पूरा करेगी सरकार
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूलमंत्र को आत्मसात करने के लिए प्रदेश सरकार अपने युवाओं को रोजगार देने के वायदे को पूरा करेगी। केंद्र और राज्य सरकार का सांझा लक्ष्य अंत्योदय अर्थात समाज के सबसे वंचित वर्ग के उत्थान को प्राथमिकता देना है। यह भर्ती प्रक्रिया समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से अनुसूचित जातियों और अन्य पिछड़े समुदायों को उनका हक दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगी।