Dhaar News: पांच दिन से बंद पड़ा काम सड़क निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी
Dhaar News: बड़ी चौपाटी से उज्जैन फोरलेन तक सड़क चौड़ीकरण हीकरण का काम शुरू हो चुका है। एक किमी में सीमेंट कांक्रीट रोड का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन निर्माण स्थल पर ठेकेदार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहा है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह फोरलेन सड़क जनहित की बजाय जनसंकट बनती जा रही है। सड़क पर संकेतक नहीं लगे हैं। इससे वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
वहीं खुदाई के कारण लोगों को घर तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। वहीं ठेकेदार ने तीन दिन तक अर्थवर्क किया। इसके बाद पांच दिन से काम बंद पड़ा है। आधा किलोमीटर हिस्से में 33 फीट तक अर्थवर्क हो चुका है। बाकी आधा किलोमीटर में 15 से 20 फीट तक खुदाई की गई है। सोमवार देर रात को उज्जैन रहवासी सेवाराम बाइक से गिरकर घायल हो गया।
वहां कोई सुरक्षा संकेतक, चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं थी। पांच दिन से काम बंद है। एक ही पट्टी से दोनों ओर का ट्रैफिक चल रहा है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। खुदाई के बाद जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए हैं। रात में दृश्यता के लिए चमकदार टेप और लाल झंडी नहीं लगाई गई। बंद पट्टी पर गड्डों और खुले हिस्सों को प्लास्टिक या मेटल बैरिकेड लगाना जरूरी था। लेकिन कंपनी ने ऐसा नहीं किया। ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग या दिशा संकेतक भी नहीं लगाए गए है। केवल एक-दो जगह बोर्ड लगाया गया। जल्द सुधार किया जाना चाहिए।