Movie prime

Dhaar News: 10 दिन में तहसील में तीन इंच बारिश, तालाब व डेम में बढ़ा पानी

 

Dhaar News: नगर और आसपास में रविवार को भी मौसम बदला। सुबह से काले बादल छाए रहे। शनिवार को हुई झमाझम बारिश से हर तरफ पानी भर गया था। शनिवार दोपहर करीब 45 मिनट में 36.1 मिमी यानी करीब डेढ़ इंच बारिश दर्ज हुई। रविवार सुबह तक बीते दस दिनों में कुल 74.1 मिमी यानी लगभग तीन इंच बारिश हो चुकी है। मई में गरज-चमक के साथ हुई बारिश से भूजल स्तर भी बढ़ा है। नगर के चारों तालाबों में पानी बढ़ने लगा है। पुलिस थाने के सामने वाले छोटे तालाब में पानी भरना शुरू हो गया है। इससे जल स्तर ऊपर आ गया है। लेबड़-नयागांव फोरलेन पर स्थित मनसागरा तालाब में भी पानी बढ़ रहा है।

तालाब के पास अतिक्रमण हटाने की जरूरत

बखतगढ़ रोड पर खोखरिया तालाब और खेड़ा के बड़े तालाब में भी पानी आने लगा है। इन दोनों तालाबों में पानी की आवक लिए मार्ग बनाना जरूरी है। लोगों द्वारा अतिक्रमण और आवक बंद करने से ये तालाब जल्दी नहीं भरते। खेड़ा का तालाब सिंचाई विभाग के अधीन है। विभाग की ओर से इसकी देखरेख नहीं होती।

नगर की प्यास बुझाने वाले

बटवाड़िया डेम और बागेड़ी नदी में भी पानी की आवक बढ़ी है। बटवाड़िया डेम पर मांगलिया, बखतगढ़ सहित कई गांवों के किसान निर्भर है। इसी डेम से सिंचाई के लिए पानी लिया जाता है। यह नगर का एकमात्र डेम है, जिससे पूरे साल पानी मिलता है। साल 2010-11 में जल संसाधन विभाग ने यह डेम बनाया था। इसकी जल संग्रहण क्षमता 7.32 मिलियन घन मीटर है। रबी सीजन में नहरों से आसपास के खेतों की सिंचाई होती है। नगर की 28 हजार आबादी को रोज 34 लाख लीटर पेयजल इसी डेम से मिलता है।