Dhaar News: सर्वे में हो रही गड़बड़ी, 1100 वर्गफीट में बना मकान, 2300 वर्ग फीट बताया
Dhaar News: नगर पालिका के संपत्तिकर में वृद्धि करने के उद्देश्य दौरान टीम ने लोगों के घर-घर जाकर संपत्ति का आंकलन किया। फिर भी गड़बड़ी कर दी। जिस व्यक्ति का मकान 1100 वर्गफीट में बना है। उसके मकान को सर्वे में 2300 वर्गफीट में बना बताया। अब ऐसे लोगों को सर्वे के दिखाई गई संपत्ति के आधार पर भी संपत्तिकर जमा करने के लिए नेटिस जारी किए जा रहे है। शहर में ऐसा एक मामला नहीं है। कई लोगों के साथ ऐसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार शहर में सितंबर 2022 से चल रहा जीआईएस सर्वे पूरा हो गया है। लेकिन इसमें सर्वे के दौरान हुई गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। ये स्थिति तब बन रही है, जब खुद कंपनी के लोग सत्यापन के लिए लोगों के घर पहुंच रहे हैं, जहां पर लोगों को उनकी संपत्ति का विवरण दे रहे हैं। इसमें सामने आ रहा है कि जिसकी संपत्ति एक हजार वर्गफीट है उसे दो हजार बता दिया तो कहीं सिंगल मकान को डबल बताया। अब इसी के घर ज्यादा संपत्तिकर के नोटिस पहुंचने पर लोग परेशान होने लगे है।
बता दे कि सर्वे के दौरान शहर में 14 हजार 135 नई संपत्तियां मिली थी। इसके बाद नगर पालिका इन सभी पर टैक्स लगा रही है, जिससे नगर पालिका की आय में बढ़ोतरी होगी। नगर पालिका के राजस्व विभाग का कहना है कि जो भी संपत्ति मिली है उनका सत्यापन कराया जा रहा है। अभी तक ऐसे केस सामने नहीं आए हैं। यदि कोई आता है तो उसका फिर से सत्यापन करा लिया जाएगा। यदि सर्वे में गड़बड़ी पाई जाती है तो उसे ठीक कराया जाएगा। यदि 10 प्रतिशत तक का अंतर है तो उसे सामान्य मानकर नहीं बदला जाएगा।
जीआईएस सर्वे करने वाली कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी कंपनी ने पूरे शहर में सर्वे किया है। इस सर्वे के दौरान 26748 संपत्तियां शहर में सामने आई हैं। इन सभी संपत्ति मालिकों के पास एक प्रिंटेड कागज पहुंचाया जा लिखी हुई है। उनसे कहा जा रहा है कि इसे अच्छे से देख लें। यदि सर्वे में गलत जानकारी अंकित हो तो सर्वेयर से उसे ठीक करा लिया जाए। शहर में उनकी टीम एक-एक घर पहुंचकर संपत्ति की जानकारी देगी। यह काम तीन-चार दिन पहले शुरू हुआ है।
गलत टैक्स नहीं लिया जाएगा
शहर में जीआईएस सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इसके बाद दोबारा सभी संपत्तियों का सत्यापन चल रहा है। किसी भी व्यक्ति के घर का गलत सर्वे हुआ है तो वह सुधरवा सकता है। किसी से भी गलत टैक्स नहीं लिया जाएगा। विकास डावर, सीएमओ नपा धार