Movie prime

Dhaar News: सड़क बनने के दो महीने बाद ही धंसने लगा फोरलेन और सर्विस रोड

 

Dhaar News: उज्जैन-बदनावर 69.1 किलोमीटर फोरलेन निर्माण के बाद आवागमन सुगम हुआ है। दो महीने पहले फोरलेन का लोकार्पण हुआ था। लेकिन इस पर भारी वाहनों के चलने से अब मिट्टी भी दबने लगी है। इस कारण सड़क भी बैठने लग गई। लेबड़ नयागांव फोरलेन के ऊपर से गुजर रहे बदनावर-उज्जैन फोरलेन के ब्रिज पर चढ़ने के लिए निर्माण कंपनी द्वारा बनाए गए सर्विस रोड पर अभी से डामर उखड़ने लगा है।

एक जगह तो बीच सड़क पर डामर उखड़ गया ओर सड़क पर गड्डा हो गया है। इस गड्डे के कारण तेज रफ्तार वाहनों का संतुलन भी बिगड़ने लगा है। इससे वाहन पलटने का डर सता रहा है। इस मार्ग पर कई जगह मिट्टी दबने से सड़क भी दब गई है। लोगों ने तत्काल पॅचवर्क शुरू करने की मांग की है।फोरलेन पर हादसे हो चुके हैं।

इसके बावजूद न तो स्थानीय प्रशासन गंभीरता दिखा रहा ओर नही फोरलेन कंपनी। लोकार्पण के दो माह बीत जाने के बाद भी यहां सर्विस रोड पर संकेतक बोर्ड नहीं लगाए हैं। इससे वाहन चालक गलत दिशा में ब्रिज पर चढ़ व उतर रहे हैं। इससे हादसे हो रहे हैं। गत दिनों हुई दो बड़ी घटना भी गलत साइड से वाहनों के आने से हुई थी। उस समय एसपी मनोज कुमार सिंह स्वयं घटनास्थल पर आए थे। उन्होंने सर्विस रोड पर संकेतक बोर्ड लगाने समेत अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश कंपनी व एनएचआई को दिए थे। लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ है।