Movie prime

अगले साल तक पूरे धार में लग जाएंगे स्मार्ट मीटर, 30 वार्डों में 14 फीडर से होगी सप्लाई

अगले साल तक पूरे धार में लग जाएंगे स्मार्ट मीटर, 30 वार्डों में 14 फीडर से होगी सप्लाई
 

 मध्यप्रदेश के धार में घरों के बाहर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जोरों से चल रहा है। यह कार्य डेढ़ साल पहले शुरू हुआ था। इसके पहले चरण में 13 हजार 600 स्मार्ट मीटर लगाकर 95 प्रतिशत लक्ष्य को पूरा कर लिया है। विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जल्द ही यह शतप्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण का काम शुरू होगा। अ​धिकारियों की मानें तो 2026 तक पूरे धार में स्मार्ट मीटर लग जाएंगे। 


लाइन लॉस हो गया काफी कम
मध्यप्रदेश विद्युत बोर्ड के अ​धिकारियों ने बताया कि शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का सबसे बड़ा फायदा लाइन लॉस का कम होना है। शहर के छह फीडराें में पहले लाइन लॉस 25 प्रतिशत था, जो अब घटकर 7-8 प्रतिशत ही रह गया है। इसके अलावा बिजली बिल की जो ​शिकायत 200 के आसपास थी, वह बहुत कम हो गई हैं। उपभोक्ताओं को उनकी वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल मिल रहे हैं। इससे उनको काफी राहत मिली है।

बिजली अ​धिकारियों ने कहा कि शहर के 30 वार्डों में 14 बिजली फीडरों से सप्लाई दी जाएगी। शहर के कुल 28 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। पहले पहले में 14 हजार 33 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य चल रहा है। फिलहाल यह कार्य 95 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसके बाद दूसरे फेस का कार्य शुरू होगा। दूसरे फेज में 14 हजार 500 स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। कई पॉश इलाकों जैसे सिल्वर हिल, त्रिमूर्ति नगर में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। पूरे शहर में 2026 तक स्मार्ट मीटर लग जाएंगे। उसके बाद किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आएगी।

बिजली का लाइन लॉस काफी कम हो जाएगा। इससे लोगों के बिजली की निर्बाध आपूर्ति मिलेगी। 


150 यूनिट तक स​ब्सिडी का प्रावधान
बिजली अ​धिकारियों के अनुसार शहर के 23 हजार घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें से 15 हजार को प्रति महीने स​ब्सिडी मिल रही है। यह स​ब्सिडी लगभग 60 लाख रुपये प्रतिमाह के आसपास है। जो पात्र लोग 100 और 150 यूनिट बिजली से कम खपत करते हैं, उनको ही स​ब्सिडी दी जा रही है। स्मार्ट मीटर के लिए दूसरे चरण का सर्वे शुरू हो चुका है।