Dhaar News: पहाड़ से पत्थर के टुकड़े टूटकर गिर रहे, रात में हादसे की आशंका
Dhaar News: माछलिया घाट को काटकर सीधी सड़क से जोड़ने का काम नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने पूरा कर दिया। लेकिन अब यही घाट परेशानी का कारण बन गया है। पहाड़ से पत्थर टूटकर सड़क पर गिरने लगे हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह मार्ग इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे का हिस्सा है। यहां रोज हजारों वाहन गुजरते हैं। इनमें निजी गाड़ियां, यात्री बसें और मालवाहक वाहन शामिल हैं। लगातार पत्थर गिरते रहे तो हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
रात में खतरा ज्यादा रहता है। अंधेरे में ऊपर से गिरते पत्थर दिखना मुश्किल होता है। इंदौर से गुजरात की ओर जाने वाली अधिकतर निजी गाड़ियां रात में ही निकलती हैं। ऐसे में दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। वाहन चालक गजेंद्र, रतन और गोपाल ने बताया कि घाट के दोनों ओर से पत्थर गिरते रहते हैं। दोपहिया वाहन चालक अक्सर चोटिल हो जाते हैं। अब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, लेकिन बारिश में खतरा और बढ़ सकता है। कुछ दिन पहले गुजरात की ओर से आ रही एक कार के बोनट पर बड़ा पत्थर गिरा था। इससे बोनट क्षतिग्रस्त हो गया था।
जानकारों का कहना है कि पूरे घाट क्षेत्र का सर्वे कर पत्थर गिरने की आशंका वाले हिस्सों को पहले ही साफ कर देना चाहिए। साथ ही चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाने चाहिए। इससे वाहन चालक सतर्क रहेंगे और हादसे कम होंगे। वहीं पीआईयू इंदौर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुमेश बंझल ने कहा कि पत्थर गिरने की समस्या को लेकर प्लान बनाया जाएगा। ताकि वाहन और चालक सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि एक साल बाद पत्थर गिरने की संभावना कम हो जाएगी, फिर भी सुरक्षा के लिहाज से ध्यान दिया जाएगा।