Badnawar News: बदनावर में मठ-मंदिरों की संपत्तियों पर समिति गठन व नीलामी प्रक्रिया का पुजारियों ने किया विरोध
Badnawar News: मध्य प्रदेश के बदनावर शहर में मठ-मंदिरों की संपत्तियों पर समिति गठन और नीलामी प्रक्रिया के विरोध में गुरुवार को पुजारियों ने प्रदर्शन किया। इसे धार्मिक परंपराओं के खिलाफ बताया। सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। रैली निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचे। धरना दिया। जय श्रीराम के नारे लगाए। तहसीलदार सुरेश नागर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन का वाचन एकवीरा मंदिर के पुजारी जितेंद्र शर्मा ने किया।
ज्ञापन में 2019 के शासनादेश को रद्द करने और नीलामी प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग की गई। पुजारियों ने कहा हाईकोर्ट पहले ही उनके पक्ष में फैसला दे चुका है। मंदिर संपत्तियों का नामांतरण पुजारियों के नाम करने का आदेश भी दिया था। लेकिन प्रशासन ने अब तक आदेश का पालन नहीं किया।
सरकार निर्णय वापस लें, नहीं तो करेंगे आंदोलन
बदनावर हो रहे आंदोलन धरने में महंत जितेंद्रदास, पुरुषोत्तम दास, बालमुकुंद दास, ओंकारदास, साध्वी कल्याणी दास, बालक दास सहित समस्त पुजारी संघ शामिल हुआ। सभी ने समिति गठन और नीलामी को धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया। चेतावनी दी कि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
इसी बीच बखतगढ़ फाटा क्षेत्र में साध्वी कल्याणी दास और पलटूदास के साथ मारपीट की घटना हुई। इस घटना से माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुजारियों ने हमले की कड़ी निंदा की। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुजारियों ने कहा वे धार्मिक संपत्तियों और परंपराओं की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। लड़ाई कानूनी और जनांदोलन दोनों स्तरों पर जारी रहेगी।