Dhaar News: गर्मी के साथ उमस बढ़ी, 7 डिग्री बढ़कर 40 पर पहुंचा पारा
Dhaar News: नौतपा के दूसरे दिन धार जिले में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाए। सोमवार को तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की उछाल दर्ज की गई, जिसके साथ पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही बढ़ती उमस ने लोगों को परेशान किया। सुबह से ही सूरज की तपिश नमी भरी हवाओं के कारण उमस भरा मौसम रहा।
नौतपा के दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि होती है। धार में रविवार को तापमान 33 डिग्री सेल्सियस था, जो सोमवार को 40 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी के साथ-साथ हवा में नमी का स्तर बढ़ने से उमस ने लोगों को और परेशान किया। दोपहर 2 बजे के बाद गर्मी का असर एकदम से बढ़ गया था।
इस दौरान बिना चेहरे को ढंके हुए निकले बाइक सवारों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ा। इधर मौसम विभाग ने किसानों के लिए एडवायजरी जारी करते हुए कहा कि सब्जी और फलों की फसलों को तुड़वा लिया जाए। आंधी और बारिश से उसे नुकसान हो सकता है। वहीं मूंग की फसल को कटवा लिया जाए। बारिश से यह खराब हो सकती है।
दोपहर में धूप, शाम को आधे घंटे बारिश, 10 डिग्री गिरा तापमान
दोपहर में तेज धूप के बाद शाम 5 बजे से जोरदार बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही। इसके कारण शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा। वहीं बारिश के बाद तापमान अचानक गिर गया। शाम 5.30 बजे तापमान 10 डिग्री गिरकर 30 डिग्री पर आ गया था, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
आगे क्याः दो दिन बार फिर बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार इस बार नौतपा में तापमान बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगा। क्योंकि प्री मानसून एक्टिविटी चल रही है। जिसके कारण कहीं न कहीं तेज हवा और बारिश की स्थिति बन रही है। तापमान ज्यादा नहीं बढ़ पा रहा है। मंगलवार और बुधवार को हल्के बादल छाए रहेंगे, गुरुवार को फिर से बारिश के आसार हैं। जिससे तापमान में फिर से गिरावट देखी जा सकती है।
मांडू में तेज हवा-आंधी के साथ 2 घंटे में 2 इंच बारिश
मांडू। नौतपा के दूसरे दिन सोमवार सुबह तेज धूप और उमस के बाद दोपहर 3:30 बजे से तेज हवा, आंधी और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश में 2 इंच पानी गिरा। मुख्य चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों तक पानी भर गया। सड़कों पर जलजमाव हो गया। नौतपा की शुरुआत राहतभरी रही। बीते साल की तुलना में इस बार दिन का तापमान औसतन 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। सोमवार को सबसे कम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बार सुबह 40 डिग्री रहा, लेकिन दोपहर तक तापमान 30 डिग्री पर आ गया।