Movie prime

Dhaar News: आज से जर्जर भवनों का सर्वे करने के लिए नगर में निकलेगा नपा का दल

 

Dhaar News: नगर और आसपास के गांवों में पुराने भवनों से खतरा रहा है। नगर में दर्जनों ऐसे मकान हैं, जो कई साल पुराने हैं। अब ये इतने जर्जर हो चुके हैं कि कभी भी गिर सकते हैं। इससे बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन को इसकी जानकारी है। फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हर साल बारिश में ऐसे मामले सामने आते हैं। तेज हवा या बारिश में ये भवन गिर जाते हैं। इन्हें तोड़ना जरूरी है। सोमवार से जर्जर और पुराने भवनों को चिह्नित करने के लिए दल नगर में निकलेगा। जर्जर मकान होने पर मालिकों को नोटिस दिए जाएंगे। ये प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर के कई वार्डों में ऐसे मकान हैं, जो सीधे मौत को न्योता दे रहे हैं। अधिकतर भवन खाली पड़े हैं। इनमें कोई नहीं रहता। सुभाष मार्ग पर बना मकान सालों से लावारिस पड़ा है। रावतसेरी की गली में स्थित मकान का पिछला हिस्सा कभी भी गिर सकता है। मकान की छत पर लगी लोहे की चद्दरों की कीलें निकल चुकी है।

तेज हवा में चद्दर उड़ने का खतरा है। दो मंजिला मकान की नींव भी कमजोर हो चुकी है। तेज बारिश में यह गिर सकता है। इस गली से लोग रोज गुजरते हैं। बच्चे नीचे खेलते हैं। पिछले साल मोहल्ले के युवराज सिंह पंवार ने नगर परिषद में लिखित शिकायत की थी। इसके बाद नपा ने मकान मालिक को नोटिस दिया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब से यह खंडहर मकान जस का तस खड़ा है।

जनपद पंचायत, थाना, कन्या शाला का भवन भी जर्जर
नगर में ऐसे कई खंडहर भवन है। जनपद पंचायत की पुरानी बिल्डिंग, पुराना पुलिस थाना, कन्याशाला भवन और मिडिल स्कूल की इमारतें भी जर्जर हो चुकी है। इनकी दीवारों में दरारें है। छत कमजोर हो चुकी है। इन स्कूलों में बच्चे पढ़ते हैं। नगर में कई पुराने पेड़ भी है। जिनकी टहनियां नीचे तक लटक रही है। तेज हवा में पेड़ गिरने का डर है। क्षेत्र में मानसून की तैयारी लगभग पूरी है। मानसून में बीमारियों के साथ खंडहर भवनों का खतरा भी बढ़ जाता है। कई सरकारी आवास भी जर्जर हो चुके हैं। अधिकारी इसकी स्थिति से वाकिफ है। फिर भी नए आवासों के लिए कोई पहल नहीं हुई। ऑफिसर कॉलोनी, जनपद पंचायत के पास बने सरकारी भवन और पुलिस थाने के पीछे बने आवास सालों पुराने हैं। कई कर्मचारी इन्हीं खंडहरनुमा मकानों में रहने को मजबूर है। बारिश के दौरान पुराने जर्जर भवनों के ढहने का खतरा बढ़ जाता है।

मकान मालिकों को नोटिस दिए जाएंगे

मुख्य नगर पालिका अधिकारी लालसिंह राठौर ने बताया नगर में जर्जर भवनों के सर्वे के लिए दल बना दिया है। सोमवार से दल वार्ड वार जाकर भवनों को चिह्नित करेगा। मकान मालिकों को नोटिस दिए जाएंगे। सूखे पेड़ों और लटकती टहनियों की मानसून से पहले छंटनी की जा रही है।