Movie prime

Dhaar News: किसानों को दी उन्नत खेती की सीख

 

Dhaar News: शुक्रवार को ग्राम बोरदा-बोरदी जाबड़ा से कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। उद्देश्य है किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और खेती को लाभदायक बनाना। अभियान में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और बीमा विभाग के विशेषज्ञों ने भाग लिया। किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रेरित किया।

कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. डीएस मंडलोई और राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय से डॉ. नरेंद्र कुमावत ने मिट्टी परीक्षण, मौसम आधारित खेती, नई फसलों की किस्में और जैविक खेती पर जानकारी दी। सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी कैलाश पचाया ने जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई के महत्व को बताया। जिला कृषि समिति अध्यक्ष अशोकजी डामर ने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने और नवाचार अपनाने की अपील की।

वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी घनश्याम बग्गड़ ने अभियान की रूपरेखा रखी। उन्होंने कहा कि यह प्रयास खेती को परंपरागत से उन्नत दिशा में ले जाएगा। इससे किसान आत्मनिर्भर बनेंगे और आय बढ़ेगी। पशुपालन विभाग के डॉ. भूरिया ने पशुधन प्रबंधन की वैज्ञानिक विधियां बताईं। उद्यान विस्तार अधिकारी डामर जी नेबागवानी को आय का वैकल्पिक स्त्रोत बताया।

किसानों को इसके लिए प्रेरित किया। कृषि विस्तार अधिकारी सुरसिंह चौहान और बीमा प्रतिनिधि ने सरकारी योजनाओं और बीमा लाभों की जानकारी दी। किसानों ने विशेषज्ञों से सवाल पूछे। शंकाओं का समाधान किया। अभियान को उपयोगी बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान शामिल हुए।