Dhaar News: आंधी आने के कारण गिरे पेड़ पौध,फूटी पाइप लाइन, 3 दिन से 15 वार्डों में हो रहा जलसंकट
Dhaar News: पिछले दिनों चली आंधी से पेड़ गिरे। इससे पाइप लाइन भी फूटी। बिजली के तारों में फॉल्ट होने से मोटर पंप भी खराब हो गया। इस कारण पिछले तीन दिन से मांडू के 15 वार्डों में जलसंकट है। हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। लोग हैंडपंप से पानी भर रहे हैं। नगर परिषद भी टैंकर पहुंचा रही है, लेकिन ये पर्याप्त नहीं है।
पिछले तीन दिन से समस्या होने के बावजूद जिम्मेदारों ने अब तक सुधार नहीं करवाया है। मंगलवार से पानी सप्लाय शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। मांडू में जल जीवन मिशन योजना के तहत पानी सप्लाय किया जाता है। 15 वार्डों में लगभग 600 से अधिक नल कनेक्शन है। गर्मी का मौसम है। पानी की ज्यादा जरूरत पड़ रही है। सप्लाय ठप होने के कारण समस्या हो रही है।
नपाध्यक्ष ने जल जीवन मिशन प्लांट का निरीक्षण कर जानी समस्या, कर्मचारियों को जल्द सुधार करने के निर्देश दिए
मांडू नगर में जल जीवन मिशन के तहत वार्ड 1 से 5 तक पानी पाइप लाइन के माध्यम से सप्लाय किया जाता है। अन्य 10 वार्ड में टैंकरों से पानी सप्लाय करते हैं। टैंकर इं से भरे जाते हैं। जिस कुएं से कुएं से टैंकर भरे जाते हैं, उस कुएं में जल जीवन मिशन की पाइप लाइन से पानी भरा जाता है। प्लांट का मोटर पंप खराब होने के कारण कुएं में भी पानी नहीं भर पा रहे हैं।
इस कारण पूरे नगर में समस्या हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को नपाध्यक्ष जयराम गावर ने योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने पानी की टंकी वाले क्षेत्र में जाकर हालात देखे। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली। खराबी के कारणों को समझा। साथ ही उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने कहा भीषण गर्मी में पानी की समस्या को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने नगर परिषद के सीएमओ संत कुमार चौहान और जल प्रभारी नैनसिंह से चर्चा की। उन्होंने कहा दोबारा ऐसी स्थिति न बने। इसके लिए पुख्ता इंतजाम करें। निरीक्षण के दौरान वार्ड 4 की पार्षद ज्योति तिवारी, वार्ड 5 के पार्षद प्रतिनिधि नंदू वसुनिया, राजस्व निरीक्षक सादिक खान, जल ऑपरेटर दीपक निगम सहित कई कर्मचारी मौजूद थे।
लोगों ने नपाध्यक्ष को बताई समस्याएं
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुछ क्षेत्रों में अब भी आपूर्ति में दिक्कत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द सुधार करें। उन्होंने लोगों से भी बातचीत की। उनकी समस्याएं सुनी। साथ ही पानी का सही उपयोग करने और बर्बादी रोकने की अपील की। कहा निरीक्षण के बाद पाइप-लाइन और पंपों की मरम्मत कर दी गई है। जल्द ही नगर में जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी। नपाध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान लोगों ने और भी अन्य समस्याओं से अवगत कराया। नपाध्यक्ष गावर ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।