Movie prime

Dhaar News: देसी आम 80-100 व विदेशी आम 50 से 60 रुपए किलो बिक रहे

 

Dhaar News: इन दिनों क्षेत्र में देसी आम की अच्छी आवक हो रही है। टांडा, बाग, बोरी, अंबासोटी, बड्दा जैसे गांवों से हर सुबह बस स्टैंड पर टोकरियों में भरकर देसी आम बिकने आ रहे हैं। देसी आम का भाव 80 से 100 रुपए किलो है। विदेशी हाइब्रिड आम तोतापरी, लंगड़ा, बादाम 50 से 60 रुपए किलो बिक रहे हैं। इसके बावजूद लोग देसी आम के लिए इंतजार करते हैं।

देसी आम स्वाद में खट्टा-मीठा और रसीला होता है। छोटे बच्चे इसे बहुत पसंद करते हैं। क्षेत्र में आज भी 50 से 100 साल पुराने देसी आम के पेड़ फल दे रहे हैं। टांडा के आम विक्रेता मदन सिंह ने बताया उनके पूर्वजों ने खेतों के किनारे 10 से ज्यादा देसी आम के पेड़ लगाए थे। आज भी वे फल दे रहे हैं।

एक पेड़ पर 10 से 15 झुमके लगते हैं। पकने पर इन्हें पाल डालकर बाजार में बेचते हैं। इससे अच्छा मुनाफा होता है। मदन सिंह ने बताया वे हर साल देसी आम की गुठलियां सुखाकर नए पेड़ लगाते हैं। इससे अब फिर से कई पेड़ तैयार हो रहे हैं। देसी आम के शौकीन मनीष गर्ग, घनश्याम गर्ग, राजेश शर्मा, नितिन सेठिया, गोपाल बलसारा, जयंत परिहार ने बताया देसी आम का स्वाद लाजवाब होता है। इससे आमपाक, आम की खीर, आम के पापड़ जैसे व्यंजन बनते हैं।

आम के सीजन में घर आए मेहमानों को भी भोजन में आम का रस और आमपाक परोसा जाता है। जोबट और खट्टाली क्षेत्र से राय जामुन की आक्क भी शुरू हो गई है। बाजार में इसका भाव 150 से 200 रुपए किलो है।