झुक गया यूक्रेन, आखिरकार जेलेंस्की ने कहा अभी के अभी सीजफायर को तैयार
आखिरकार रूस के सामने यूक्रेन झुक ही गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि हम अभी के अभी सीजफायर के लिए तैयार हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में 30 दिनों के संघर्ष विराम पर अमेरिकी राष्ट्रपति के युद्ध विराम के प्रस्ताव पर यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सहमति जताई है। जेलेंस्की ने कहा कि यह युद्ध विराम पूर्ण और वास्तविक होना चाहिए। इसमें कोई हमला नहीं होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इसमें अमेरिका की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। यह 30 दिन की शांति की तरफ पहला कदम बन सकता है। जेलेंस्की ने कहा कि अभी के अभी सीजफायर के लिए वह तैयार हैं।
पिछले तीन साल से भी ज्यादा समय से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है। यह रुकने का नाम नहीं ले रहा था। अमेरिका ने युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा था। लंबे समय तक चली नोक-झोंक के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा कि अभी के अभी वह युद्ध विराम को तैयार हैं और सीजफायर रखना चाहते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वीरवार को रूस और यूक्रेन के बीच 30 दिन से बिना शर्त युद्ध विराम का आह्वान किया था। इसके साथ-साथ अमेरिका ने चेतावनी भी दी थी कि यदि युद्ध विराम का सम्मान नहीं किया गया तो वाशिंगटन और उसके सहयोगी और ज्यादा प्रतिबंध लगा देंगे।
एक्स पर की घोषणा
ऐसे में यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक्स पर आकर कहा कि यूक्रेन अभी से, इसी समय से पूर्ण युद्ध विराम के लिए तैयार है। यह 30 दिन का मौन असल में होना चाहिए। कोई भी मिसाइल या ड्रेन हमला नहीं होना चाहिए। रूस को भी हमले नहीं बल्कि युद्ध विराम का समर्थन करके उचित जवाब देना चाहिए। रूस को भी युद्ध खत्म करने की इच्छा जाहिर करनी चाहिए।
शांति की हो सकती है शुरुआत
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि ऐसे सीजफायर की पेशकश पहली बार नहीं हो रही है। यह 30 दिन की शांति सालों की शुरुआत बन सकती है। एक स्थायी और विश्वसनीय युद्ध विराम शांति की तरफ बढ़ने वाला बड़ा कदम होगा। अमेरिका इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दुनिया को आज भी अमेरिका की जरूरत है, जो 80 साल पहले थी। आज दूसरे विश्वयुद्ध को 80 साल हो गए हैं। जेलेंस्की ने कहा कि 80 साल पहले नाजी से लड़ने के लिए दुनिया को अमेरिका की जरूरत थी और आज भी अमेरिका की जरूरत दुनिया को है। इसलिए यह यद्ध विराम होना चाहिए।