रास्ते पर नमाज पर रोक के खिलाफ कोर्ट जाएगी तृणमूल, ममता बनर्जी ने पार्षद को दिया निर्देश
कोलकाता,28 मई (इ खबर टुडे ) । बंगाल में सड़क पर नमाज पढ़ने पर राज्य सरकार की पाबंदी के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस कोर्ट जाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने मेटियाबुरुज की एक तृणमूल पार्षद को इस मामले में अदालत का दरवाजा खटखटाने का निर्देश दिया है। बताया जा रहा है कि संबंधित पार्षद जल्द ही इस मुद्दे पर कोर्ट में याचिका दायर कर सकती हैं।
कोलकाता नगर निगम के तृणमूल पार्षदों के साथ बैठक की
शुक्रवार को कालीघाट स्थित आवास पर ममता बनर्जी ने कोलकाता नगर निगम के तृणमूल पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में सड़क पर नमाज पढ़ने को लेकर राज्य सरकार की ओर से जारी प्रतिबंध का मुद्दा उठा।
सूत्रों का दावा है कि चर्चा के दौरान ममता ने संबंधित पार्षद को तत्काल अदालत जाने के लिए कहा। दूसरी ओर राज्य सरकार की सख्ती के बाद शुक्रवार को कोलकाता के राजाबाजार, तपसिया, पार्क सर्कस और तिलजला जैसे इलाकों में सड़क रोककर नमाज नहीं पढ़ी गई।
मस्जिदों के भीतर ही दो चरणों में जुम्मे की नमाज की व्यवस्था की गई, जिसके चलते मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा की।
ममता ने कोलकाता नगर निगम के पार्टी पार्षदों के साथ बैठक की
बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के मद्देनजर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को यहां कालीघाट स्थित अपने आवास पर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के पार्षदों के साथ बैठक की।
इस बैठक का महत्व इसलिए बढ़ गया क्योंकि नगर निकाय का शुक्रवार को होने वाला मासिक सत्र नगर निगम के सचिव द्वारा एक दिन पहले नोटिस जारी कर अचानक रद कर दिया गया था। पार्टी सूत्रों ने बताया कि ममता ने केएमसी में तृणमूल पार्षदों के बीच संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करने के लिए बैठक की, जहां 2026 के अंत तक चुनाव होने हैं।
केएमसी में तृणमूल के पास भारी बहुमत है
केएमसी में तृणमूल के पास भारी बहुमत है और 144 वार्ड में से 136 वार्ड उसके पार्षदों के पास हैं। पिछले महीने हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा से हारने के बाद पार्टी केएमसी चुनाव से पहले अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रही है।

