महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर/ भोपाल और दिल्ली में 42 रुपये बढ़े दाम; होटल-रेस्तरां पर बढ़ेगा बोझ
नई दिल्ली /भोपाल 01 जून (इ खबर टुडे ) । कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले कारोबारियों को जून की शुरुआत में महंगाई का झटका लगा है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए गए हैं। तेल कंपनियों ने दिल्ली में इसकी कीमत में 42 रुपये और कोलकाता में 53.50 रुपये की वृद्धि की है।
वहीं 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर भी 11 रुपये महंगे हो गए हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दरें आज से प्रभावी हो गई हैं।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर तीन महीने में करीब 1300 रुपए तक बढ़ गए हैं। 1 जून से पहले 1 मई को रेट बढ़ाए गए थे। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों के बढ़ने से रेस्टोरेंट, होस्टल, छोटे-बड़े ढाबे और ठेले पर मिलने वाला खाना या नाश्ता महंगा हो गया है। भोपाल और इंदौर में खाने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी हुई है।

