मई में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के रेट, इंदौर- भोपाल में 114 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंचा पेट्रोल
16 मई को महीनों की स्थिरता के बाद तेल की कीमतों में 3रूपये की पहली बढ़ोतरी की गई थी। तब से शुरू हुआ यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले महज 11 दिनों के भीतर यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इस ताजा वृद्धि से चारों महानगरों सहित पूरे देश में यात्रियों, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों और व्यावसायिक क्षेत्रों पर आर्थिक बोझ और अधिक बढ़ना तय माना जा रहा है।
दिल्ली सहित चारों महानगरों में नई दरें लागू
उद्योग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार 25 मई की सुबह 6 बजे से ईंधन की नई दरें प्रभावी हो गई हैं। इस संशोधन के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2.71 रुपये प्रति लीटर का बड़ा उछाल आया है। इसके साथ ही दिल्ली में पेट्रोल अब ₹99.51 से बढ़कर ₹102.12 प्रति लीटर के स्तर को पार कर गया है।
डीजल की दरें भी 92.49 से उछलकर ₹95.20 प्रति लीटर पर पहुंच गई हैं। इससे पहले शनिवार (23 मई) को भी पेट्रोल 87 पैसे और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था, जबकि दिल्ली में सीएनजी की कीमतें भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़कर 81.09 हो चुकी हैं।

