Movie prime

CM धामी का कड़ा एक्शन/ सड़क पर नमाज बर्दाश्त नहीं,  देवभूमि उत्तराखंड में सड़क जाम करने की इजाजत नहीं

 

देहरादून 22 मई (इ खबर टुडे ) ।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सार्वजनिक सड़कों पर नमाज़ पढ़ने को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक गतिविधियों के नाम पर सड़कों को बाधित करने की अनुमति किसी भी हाल में नहीं दी जाएगी।

सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान करती है, लेकिन कानून और व्यवस्था से ऊपर कोई नहीं हो सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक सड़कें आम लोगों की आवाजाही के लिए होती हैं और उन्हें किसी भी तरह के अवरोध या प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।


अव्यवस्था या बाधा को बर्दाश्त नहीं
सीएम धामी ने कहा कि इस समय प्रदेश में चारधाम यात्रा चल रही है और लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में राज्य में शांति, अनुशासन और सुचारु व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नमाज़ मस्जिदों, ईदगाहों और निर्धारित स्थानों पर ही पढ़ी जानी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर धार्मिक आयोजन कर लोगों को परेशानी में डालना उचित नहीं है।

कांग्रेस पर भी निशाना साधा
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। धामी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति के तहत सड़क पर नमाज़ का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन उत्तराखंड सरकार की नीति इस मामले में पूरी तरह स्पष्ट है।

सख्त कार्रवाई की जाएगी
मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई सार्वजनिक सड़कों को बाधित कर अराजकता फैलाने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य की शांति, संस्कृति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।