भारत सरकार के आईटी मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी, सभी के लिए मानना जरूरी
भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसको मानना सभी के लिए है। इसके लिए सरकार की तरफ से एक सूची सांझा की है, जिसमें बताया गया है कि आपको क्या करना है और क्या नहीं। यह एडवाइजरी सरकार ने शुक्रवार को अपने ट्विटर हैंडल पर जारी की है। इसका उद्देश्य नागरिकों को साइबर सुरक्षा और गलत सूचना से बचने के प्रति जागरूक किया गया है। इसके अलावा गलत सूचनाओं को रोकना भी इसका मकसद है।
भारत सरकार ने जब सिंदूर ऑपरेशन किया था, उसके बाद सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं का प्रचार बढ़ गया है। ऐसे में नागरिकों को क्या करना चाहिए और क्या नहीं, इसको लेकर भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक एडवाइजरी जारी की है ताकि नागरिक किसी भी प्रकार से भ्रमित नहीं हों। इसके अलावा नागरिकों की सुरक्षा करना भी इस एडवाइजरी का उद्देश्य है।
नागरिकों को क्या करना चाहिए
सरकार की तरफ से कहा गया है कि नागरिकों को हमेशा साइबर सुरक्षा उपायों का पालन करना चाहिए। ऑनलाइन सतर्क रहना चाहिए और किसी भी संदिग्ध लिंक या पोस्ट से सावधान रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की सूचना या खबर को आगे शेयर करने से पहले उसकी सत्यता जांचनी जरूरी बताई गई है। इसके लिए आपको पीआईबी फैक्ट या फिर किसी अन्य विश्वसनीय फैक्ट जांच प्लेटफार्म का उपयोग करना चाहिए। ऐसी स्थिति में सरकारी हेल्पलाइन, सलाह और राहत से जुड़ी जानकारी सांझी करनी चाहिएं ताकि प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक सही जानकारी पहुंच सके। देशभक्ति और एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभानी चाहिए।
इस समय क्या नहीं करें नागरिक
सरकार ने अपनी एडवाइजरी में साफ कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जैसे सेना की गतिविधियों या तैनाती से जुड़ी किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करना चाहिए। इसके अलावा कोई भी ऐसी जानकारी हो, जो अप्रमाणित हो, अपुष्ट हो, उसके आगे फॉरवर्ड नहीं करना चाहिए। देश के अंदर हिंसा, दंगे या फिर सांप्रदायिक तनाव को भड़काने वाली सामग्री को भी शेयर नहीं करनी चाहिए। सभी प्रकार की संदिग्ध और फर्जी खबर को नजरअंदाज नहीं करें बल्कि इसकी शिकायत करें। यदि कोई आपको फर्जी सूचना दिखाई दे तो उसको WhatsApp नंबर +91 8799711259 या फिर ईमेल: socialmedia@pib.gov.in पर भेज दें। सरकार का कहना है कि इस समय हर देशवासी की एक जिम्मेदारी बनती है। वह खुद भी झूठी अफवाहों से बचे और दूसरों को भी देशहित में जागरूक करे।