गया एयरपोर्ट से चार साल बाद दिल्ली के लिए सीधी उड़ान होगी शुरू
चार साल बाद गया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू हो जाएगी। पिछले चार साल से यह सेवा बंद थी। यह उड़ान एक सितंबर से शुरू होगी। इसके बाद यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा होगी। इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि पर्यटन और व्यापार के लिए भी यह यात्रा काफी अच्छी रहेगी।
बताते चलें कि कोरोना महामारी के दौरान 2021 में एयर इंडिया ने गया-दिल्ली पर अपनी सभी सेवाएं बंद कर दी थी। उसके बाद से केवल इंडिगो की उड़ान ही यात्रियों के लिए सहारा बनी थी। ऐसे में यात्रियों के लिए सीटों की कमी और किराए में हुई लगातार बढ़ोतरी के कारण परेशानी बनी हुई थी। अब एयर इंडिया ने इन समस्याओं को दूर करने के लिए अपनी उड़ान को हरी झंडी दे दी है। यह उड़ान 1 सितंबर से शुरू हो जाएगी। एयर इंडिया की फ्लाइट होने से अब यात्रियों को न तो सीटों की कमी रहेगी और न ही किराए में बढ़ोतरी हो सकेगी क्योंकि दो अलग-अलग एयरलाइंस के कारण किराए में बढ़ोतरी नहीं हो पाएगी।
जनता की सुविधा के लिए उठाया कदम
केंद्रीय मंत्री एवं सांसद जीतनराम मांझी ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस फ्लाइट को शुरू करवाने में बहुत मेहनत की है। इससे दिल्ली तथा गया में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। फरवरी महीने में एयर इंडिया के अधिकारियों ने गया एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। इसमें सब कुछ ठीक मिलने के बाद ही सितंबर से अपनी सेवाएं बहाल करने का निर्णय लिया था।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
बोधगया में हर साल हजारों देशी तथा विदेशी पर्यटन आते रहते हैं। ऐसे में सीधी फ्लाइट होने से पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। इससे दिल्ली से गया जाने में समय की बचत होगी बल्कि यह यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक भी होगा। दिल्ली में नौकरी, पढ़ाई तथा व्यापार के लिए आने वाले लोगों के लिए भी यह फ्लाइट काफी लाभकारी साबित होगी। गया से मुंबई, चेन्नई और बैंगलुरु के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की लोग मांग कर चुके हैं। इसमें गया एयरपोर्ट से अन्य शहरों के बीच भी सीधी फ्लाइट शुरू होने से काफी लाभ होगा। इससे पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा।