Movie prime

Greater Noida: इन सड़कों पर लगने जा रहे हैं 21 करोड़, इन इलाकों की सड़कें बनाई जाएंगी

 

Greater Noida: औद्योगिक सेक्टर में सड़क व जल निकासी की समस्या का समाधान होगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया हैं।सेक्टर ईकोटेक-11 में 45 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई जाएगी। इसके समानांतर जल निकासी के लिए नाली का निर्माण किया जाएगा। सड़क की लंबाई लगभग दो किलोमीटर होगी। नाली को मुख्य ड्रेन से जोड़ा जाएगा। इसके निर्माण पर 4.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।इससे उद्यमी और कमगारों को काफी सहूलियत होगी। उद्यमी की ओर से सर्विस रोड की मांग की जा रही थी। एक माह में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

पाली गांव से दादरी रेलवे मार्ग की सड़क की जाएगी दुरुस्त

पाली गांव को दादरी रेलवे मार्ग से जोड़ने वाली क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़क को भी दुरुस्त किया जाएगा। इस सड़क की लंबाई तकरीबन दो किलोमीटर है। यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है।प्रतिदिन इस सड़क से होकर हजारों लोगों की आवाजाही हाेती है। सड़क की मरम्मत पर 79 लाख रुपये खर्च होंगे।

तुस्याना गांव में 2.72 करोड़ से होगी सड़क की मरम्मत

वहीं, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तुस्याना गांव में छह प्रतिशत किसान आबादी के भूखंडों वाले क्षेत्र की सड़क की भी मरम्मत होगी। इस पर प्राधिकरण 2.72 करोड़ रुपये खर्च करेगा।कासना से भाटी गोलचक्कर तक 80 मीटर चौड़ी सड़क का सुंदरीकरण किया जाएगा। इस सड़क पर यातायात का अधिक दवाब है। 4.74 करोड़ रुपये की लागत से इसे दुरुस्त किया जाएगा।

गोशाला की चारदीवारी और सड़क पर खर्च होंगे 2.68 करोड़ 

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जलपुरा गांव के पास स्थित गोशाला की चारदीवारी और सड़क का निर्माण पर 2.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह का कहना है कि लोगों की सुविधा के लिए ढांचागत सुविधाओं को बेहतर किया जा रहा है।शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। सड़कों की मरम्मत हो रही है। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।