Movie prime

भारत में स्कोडा ने बनाई 5 लाख कारें, जानिए अब तक की इसकी कामयाबी की कहानी

 

Skoda: स्कोडा ऑटो ने भारतीय बाजार में 5 लाख कारों का उत्पादन कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह केवल कंपनी की गुणवत्ता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को ही नहीं दिखाता, बल्कि "मेक इन इंडिया" पहल को भी मजबूती देता है। स्कोडा का प्रोडक्शन भारत में दो जगह — पुणे और छत्रपति संभाजी नगर में होता है।

भारत में स्कोडा की शुरुआत
स्कोडा ने भारत में अपने सफर की शुरुआत 2001 में Octavia मॉडल से की थी। इसके बाद Laura, Superb, Kodiaq, Kushaq, Slavia और अब Kylaq जैसे मॉडल भारतीय ग्राहकों के बीच आए। अभी तक बनी 5 लाख कारों में से करीब 70% पुणे प्लांट में तैयार की गई हैं और बाकी संभाजी नगर में।

गुणवत्ता और तकनीक पर जोर
कंपनी का कहना है कि यह उपलब्धि सिर्फ गाड़ियों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह 5 लाख ग्राहकों से एक गहरा जुड़ाव भी दर्शाती है। हर कार में यूरोपीय तकनीक, बेहतर आराम, सुरक्षा और ड्राइविंग एक्सपीरियंस शामिल है। स्कोडा भारत मेंइंजीनियरिंग और निर्माण के अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाकर एक मजबूत इकोसिस्टम बना रही है।

भविष्य की योजना
स्कोडा ने ग्लोबल स्तर पर 130 साल और भारत में 25 साल पूरे कर लिए हैं। कंपनी का लक्ष्य है कि वह "मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड" विजन के तहत भारत को एक निर्यात केंद्र बनाए। हाल ही में कंपनी ने अपनी सबसे ज्यादा मासिक बिक्री भी दर्ज की है, जिसमें 7,422 कारों की डिलीवरी हुई।