वित्त वर्ष 2024- 25 में पंजाब नेशनल बैंक का मुनाफा हुआ दोगुना
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) को 16,630 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ। यह 2023-24 में हुए 8,245 करोड़ के मुनाफे से दोगुना है। बीते वित्त वर्ष देश के दूसरे सबसे बड़े सरकारी बैंक की कुल आय 15% बढ़कर 1.38 लाख करोड़ हो गई।
2023-24 में यह 1.20 लाख करोड़ थी। 31 मार्च को खत्म वर्ष 2024-25 के लिए पीएनबी ने 2 रुपए की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 2.90 रुपए डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक का मुनाफा 52% बढ़कर 4,567 करोड़ रुपए हो गया। पिछले साल समान तिमाही में यह 3,010 करोड़ रहा था। बीएसई पर पीएनबी के शेयर 0.32% की मामूली गिरावट के साथ 94 रुपए पर बंद हुए।
एमआरएफः सालाना मुनाफा 10% घटकर 1,870 करोड़
देश की प्रमुख टायर कंपनी एमआरएफ का मुनाफा 2024-25 में मुनाफा 10% घटकर 1,870 करोड़ रुपए रह गया। 2023-24 में यह 2,070 करोड़ था। इस बीच कंपनी की आय 12% बढ़कर 28,153 करोड़ हो गई, जो 2023-24 में 25,169 करोड़ थी। बीएसई पर एमआरएफ के शेयर 4% चढ़कर 1.40 लाख रुपए पर बंद हुए।
डाबर इंडिया मुनाफा
डाबर इंडियाः सालाना लाभ 4% घटकर 1,768 करोड़
बीते वित्त वर्ष देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी डाबर इंडिया का मुनाफा 4% घटकर 1,768 करोड़ रुपए रह गया। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 1,843 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। 2024-25 में डाबर इंडिया की आय भी सिर्फ 1.28% बढ़कर 12,563 करोड़ रुपए रही। 2023-24 में यह 12,404 करोड़ रुपए थी। बीएसई पर बुधवार को कंपनी के शेयर 0.42% बढ़त के साथ 483 रुपए पर बंद हुए।