Lucid की कार ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, एक बार चार्ज होकर चली 1,205 किमी
Lucid Motors: सऊदी अरब समर्थित इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी Lucid Motors ने अपनी Air Grand Touring कार के जरिए नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह कार एक बार फुल चार्ज पर 1,205 किलोमीटर चली, जिससे इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली है। ड्राइव की शुरुआत स्विट्जरलैंड के सेंट मोरिट्ज़ से हुई और अंत जर्मनी के म्यूनिख में हुआ। इससे पहले का रिकॉर्ड भी लुसिड के नाम था, जो 1,045 किमी का था।
यह यात्रा असली सड़क स्थितियों में की गई, जिसमें अल्पाइन पहाड़, जर्मन हाइवे और शहरों की सड़कें शामिल थीं। इससे साबित होता है कि Lucid की कारें सिर्फ लग्जरी नहीं बल्कि टिकाऊ और भरोसेमंद भी हैं। यह कंपनी का दूसरा गिनीज रिकॉर्ड है। पहला रिकॉर्ड 2024 में बना था जब इसी मॉडल ने एक बार चार्ज होकर नौ देशों की यात्रा की थी। दोनों अभियानों की योजना लंदन के उद्यमी उमित साबांजी ने की थी।
Lucid Air Grand Touring में एडवांस्ड इलेक्ट्रिक सिस्टम है, जो शानदार परफॉर्मेंस देता है:
1. WLTP रेंज: 960 किमी
2. ऊर्जा खपत: 13.5 kWh/100 किमी
3. पावर: 831 PS
4. टॉप स्पीड: 270 किमी/घंटा
5. चार्जिंग: 16 मिनट में 400 किमी तक
Lucid के चीफ इंजीनियर एरिक बाख ने इस उपलब्धि को EV इंडस्ट्री में तकनीकी प्रगति का संकेत बताया। कंपनी का सऊदी अरब से गहरा संबंध है, जहां का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड Lucid में 60% हिस्सेदारी रखता है।
2023 में Lucid ने सऊदी के किंग अब्दुल्लाह इकोनॉमिक सिटी में अपना पहला इंटरनेशनल असेंबली प्लांट शुरू किया था। यहां शुरुआत में 800 गाड़ियां बनीं और भविष्य में 1.5 लाख यूनिट सालाना उत्पादन का लक्ष्य है। आने वाले 10 वर्षों में कंपनी सऊदी को 1 लाख इलेक्ट्रिक कारें सप्लाई करेगी।