Movie prime

इस साल सौदों पर भारतीय कंपनियों का जोर: JSW पेंट्स और बजाज की बड़ी योजनाएं

 

Indian Companies: भारतीय कंपनियां इस साल कई अहम सौदों की तैयारी में हैं। JSW पेंट्स ने डच पेंट निर्माता अक्जो नोबेल इंडिया के अधिग्रहण के लिए 12,915 करोड़ रुपये का करार किया है। यह डील कंपनी को देश की चौथी सबसे बड़ी पेंट कंपनी बना देगी। JSW, अक्जो नोबेल में 74.76% हिस्सेदारी 8,986 करोड़ में और शेष 25% शेयर खुले बाजार से 3,929 करोड़ में खरीदेगी।

इससे पहले जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉर्पोरेशन ने मई में यस बैंक में 20% हिस्सेदारी 13,483 करोड़ में खरीदने की घोषणा की थी। यह भारतीय बैंकिंग सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश माना गया।

इस वर्ष का सबसे बड़ा सौदा बजाज समूह ने किया है। मार्च में, बजाज ने बजाज आलियांज लाइफ और जनरल इंश्योरेंस में जर्मन कंपनी आलियांज की 26% हिस्सेदारी 24,180 करोड़ रुपये में खरीदने की घोषणा की। यह बीमा क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी डील में से एक है।वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र की मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) ने श्रीलंका की कोलंबो डॉकयार्ड में 444.52 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी लेने का समझौता किया है। यह MDL का पहला अंतरराष्ट्रीय निवेश है, जिससे क्षेत्र में भारत की समुद्री उपस्थिति मजबूत होगी।

इधर, निवेशकों की नजर अब नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के संभावित IPO पर है। सेबी ने हाल ही में स्पष्ट किया कि NSE के IPO में अब कोई बाधा नहीं है। अनुमान है कि NSE अगर 10% हिस्सेदारी बेचता है, तो यह 60,000 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड IPO हो सकता है।