भारत पहुंचा दुनिया के टॉप 5 विमानन बाजारों में, एक साल में 24 करोड़ लोगो ने की हवाई यात्रा
Aug 5, 2025, 09:42 IST
India Aviation: इंटरनेशनल एयरपोर्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा विमानन बाजार बन गया है। इस साल देश में 24.1 करोड़ लोगों ने हवाई यात्रा की। इसमें दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट सबसे ज्यादा व्यस्त रहे।
IATA ने बताया कि 2023 की तुलना में भारत में हवाई यात्रियों की संख्या में 11.1% की बढ़ोतरी हुई है। 2023 में यह संख्या 21.1 करोड़ थी।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका 87.6 करोड़ यात्रियों के साथ पहले नंबर पर है, जिसमें उसके घरेलू उड़ानों का बड़ा योगदान रहा। चीन 74.1 करोड़ यात्रियों के साथ दूसरे, ब्रिटेन 26.1 करोड़ यात्रियों के साथ तीसरे और स्पेन 24.1 करोड़ यात्रियों के साथ चौथे नंबर पर रहा।
जापान 20.5 करोड़ यात्रियों के साथ छठे स्थान पर पहुंचा, जहां एक साल में 18.6% की वृद्धि दर्ज की गई।
मुंबई और दिल्ली के बीच चलने वाली फ्लाइट साल 2024 में 59 लाख यात्रियों के साथ दुनिया की सातवीं सबसे व्यस्त रूट बन गई है। ये आंकड़े बताते हैं कि भारत में हवाई यात्रा का दायरा लगातार बढ़ रहा है।