IMF ने सुधारा ग्लोबल इकोनॉमी का अनुमान, व्यापार युद्ध से कम असर बताया
Global Economy: अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने इस साल और अगले साल के लिए वैश्विक और अमेरिकी अर्थव्यवस्था की ग्रोथ का अनुमान बढ़ा दिया है। संस्था ने 2025 में दुनिया की आर्थिक वृद्धि दर 3% रहने का अनुमान लगाया है, जो पहले 2.8% थी। 2026 में ये दर 3.1% तक पहुंच सकती है। यह बदलाव अमेरिका की व्यापार नीतियों के असर की समीक्षा के बाद किया गया है।
ट्रम्प की ओर से लागू किए गए टैरिफ यानी आयात शुल्क से पहले जितना नुकसान होने की आशंका थी, उतना असर नहीं पड़ा। इसकी एक वजह यह भी रही कि कई कंपनियों ने पहले ही जरूरी सामान आयात कर लिया था। इसके अलावा कुछ बड़े शुल्कों को टाल भी दिया गया।
आईएमएफ के प्रमुख अर्थशास्त्री पियरे-ओलिवियर गौरिंचस के अनुसार, व्यापार तनाव कुछ हद तक कम हुआ है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को लचीलापन मिला है, हालांकि ये स्थिति अस्थायी हो सकती है।
अमेरिका के लिए इस साल विकास दर 1.9% और 2026 में 2% रहने का अनुमान है। टैरिफ के जरिए सरकार को अब तक 108 अरब डॉलर की आय हुई है।चीन की ग्रोथ दर 4.8% रहने की संभावना है, जो पहले 4% आंकी गई थी। यूरोप की वृद्धि दर 1% और जापान की 0.7% अनुमानित है। भारत एक बार फिर सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है, जिसकी ग्रोथ 6.4% रह सकती है।