सोना हुआ लखपति, अब रेट की रफ़्तार बरकरार
अमरीका की ओर से शुरू टैरिफ वॉर से सोना लगातार नई उंचाई छू रहा हैं। सोने के भाव ने शादी करने वालों के पसीने छुड़ा दिए हैं। 2 अप्रेल को ट्रंप की ओर से रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने के बाद से अब तक 20 दिन में ही सोने की कीमतें 10% से अधिक बढ़ गई है।
ट्रेड वॉर के कारण अमरीका सहित कई देशों में मंदी की आशंका और डॉलर में लगातार गिरावट के बीच ट्रंप की ओर से फंडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल पर तुरंत ब्याज दरें घटाने के दबाव से मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3510 डॉलर प्रति औंस के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया। इससे भारत में पहली बार 10 ग्राम 24 कैरेट गोल्ड की कीमतें 1,00,000 रुपए को भी पार कर गई।
नई दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 1,02,794 रुपए पर पहुंच गया। आइबीजेए के मुताबिक 3% जीएसटी जोड़कर देशभर के सर्राफा बाजारों में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत औसतन 1,02,273 रुपए रही। एमसीएक्स पर भी वायदा सोना पहली बार 99,000 रुपए को पार कर गया।
पिछले एक साल में सोने की कीमतों में 45% तो 2025 में अब तक 30% से भी अधिक तेजी आई है। वर्ष 2025 में अब तक 10 ग्राम सोने की कीमतों में करीब 24,000 रुपए का इजाफा हुआ है। देश में जेवराती सोना यानी 22 कैरेट सोना भी 95,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। सोना को 10 हजार रुपए से 1 लाख तक पहुंचने में 19 साल लगे हैं। एमसीएक्स पर 5 मई 2006 को गोल्ड ने 10,000 के स्तर को छुआ था।
जयपुर सर्राफा बाजार में मंगलवार सोना स्टैंडर्ड 2800 रुपए की छलांग के साथ 1,01,800 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं जेवराती सोना 2600 रुपए बढ़कर 94,800 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। इसके विपरीत चांदी में 300 रुपए की गिरावट देखी गई और यह 98,700 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई।
शहर के हिसाब से सोने के भाव
नई दिल्ली 1,02,794
मुंबई, 101,150
जयपुर 1,01,800
इंदौर 1,01,000
एमसीएक्स 99,358
देशभर में 1,02,273
आइबीजेए का भाव इसमें 3% जीएसटी शामिल