UAE में उड़ान भरेगी चीन की E20 फ्लाइंग टैक्सी, 1 अरब डॉलर का बड़ा सौदा
UAE China Deal: चीन और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के बीच फ्लाइंग टैक्सी को लेकर 1 अरब डॉलर का बड़ा समझौता हुआ है। इस सौदे के तहत चीन की TCab टेक्नोलॉजी कंपनी 350 E20 इलेक्ट्रिक फ्लाइंग टैक्सी UAE को देगी। यह दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वर्टिकल टेकऑफ एंड लैंडिंग (eVTOL) ऑर्डर माना जा रहा है।
E20 फ्लाइंग टैक्सी पांच सीटर है, जिसमें एक पायलट और चार यात्री बैठ सकते हैं। इसकी अधिकतम रफ्तार 320 किलोमीटर प्रति घंटा और उड़ान की रेंज 200 किलोमीटर तक है। इसका डिज़ाइन खास टिल्ट-रोटर तकनीक पर आधारित है, जिससे यह बिना रनवे के उड़ान भरने और उतरने में सक्षम है।इस फ्लाइंग टैक्सी में हल्के वजन वाली संरचना है, जिससे यह पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित है। शोर और प्रदूषण भी बहुत कम होता है, इसलिए यह शहरी इलाकों के लिए काफी उपयुक्त मानी जा रही है।
यूएई की कंपनी ऑटोक्राफ्ट और TCab टेक्नोलॉजी के बीच यह करार चीन में हुए एक एक्सपो में शुरू हुई बातचीत के बाद हुआ। हालांकि, पहली डिलीवरी तब ही होगी जब इसे चीन की एविएशन अथॉरिटी से उड़ान की मंजूरी मिल जाएगी।
यह तकनीक दुबई और अबूधाबी जैसे शहरों में पर्यटन और ट्रैफिक की समस्याओं को कम करने में मदद कर सकती है।वहीं, चीन के लिए यह सौदा बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह उसकी इलेक्ट्रिक एविएशन तकनीक की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का संकेत है।
सरकार की योजना है कि 2030 तक देश में एक लाख से ज्यादा ड्रोन और फ्लाइंग वाहन उड़ान भरते नजर आएं।