दुल्हन का घुंघट उठाते ही दूल्हा हैरान, मामला पहुंचा थाने में
एक मैरिज गार्डन में शादी के दौरान लड़की बदलने का मामला सामने आया। दूल्हे ने गोद भराई के दौरान जब दुल्हन का घूंघट उठाया तो वह हैरान रह गया। पहले दिखाई गई लड़की की जगह दूसरी लड़की का चेहरा दिखा। यह देख दूल्हे ने तुरंत शादी से मना कर दिया। मामला थाने तक पहुंच गया। हंगामा बढ़ते देख पिता लड़की को लेकर चला गया। वहीं दूल्हा सहित सभी बाराती बिना दुल्हन के मायूस होकर घर लौट गए।
रविवार को बोहानी चकर नगर इटावा के रहने वाले आनंद तिवारी (32) की शादी शहर के एक गार्डन में होने वाली थी। आनंद ने बताया कि गांव के ही मनोज शर्मा ने 27 मई को इटावा में लड़की दिखाई थी। लड़की पसंद आने पर गोद भराई हुई। मनोज से कुल डेढ़ लाख रुपए के खर्चे में रिश्ता तय हुआ था। जिसमें उसने 70 हजार रुपए पहले ले लिए थे। शादी के दिन आनंद 30 से 35 बारातियों के साथ गार्डन पहुंचा। शाम 7 बजे मनोज दुल्हन को कार में लेकर आया, लेकिन जब दूल्हे को लड़की पर संदेह हुआ तो उसने घूंघट खोलने को कहा। उसकी मां ने घूंघट खोला तो लड़की वह नहीं थी जो इटावा में दिखाई गई थी। हंगामे के बाद बारात बिन दुल्हन वापस लौट गई।