टीही–धार रेलखंड पर इलेक्ट्रिक लोको का स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न ,130 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति से किया गया परीक्षण
रतलाम, 02 नवम्बर (इ खबर टुडे)। इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत नवनिर्मित टीही–धार रेलखंड पर पहली बार इलेक्ट्रिक लोको का स्पीड ट्रायलसफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस दौरान रेलखंड पर विभिन्न चरणों में गति बढ़ाकर परीक्षण किया गया तथा नवनिर्मित रेल ट्रैक एवं 25 केवी एसी ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की कार्यक्षमता और तकनीकी मानकों की जांच की गई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य अभियंता निर्माण चर्चगेट धीरज कुमार एवं अन्य अधिकारियों की उपरिस्थति में 02 नवम्बर 2026 को चार चरणों में स्पीड ट्रायल किया गया । ट्रायल के दौरान प्रथम चरण में टीही से धार के बीच 30 किलोमीटर प्रति घंटे तथा धार से टीही के बीच 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से परीक्षण किया गया। इसके पश्चात टीही से धार के बीच 110 किलोमीटर प्रति घंटे तथा धार से टीही के बीच अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इलेक्ट्रिक लोको चलाकर स्पीड ट्रायल किया गया।
सीआरएस निरीक्षण से पूर्ण निर्माण विभाग द्वारा इस नवीन ट्रैक, विद्युतीकरण एवं सिगनलिंग सिस्टम की जांच की गई । इस रेलखंड पर 25 केवी एसी विद्युत लाइन को ऊर्जीकृत करने के बाद इलेक्ट्रिक लोको का परीक्षण किया जाना इंदौर–दाहोद नई रेल लाइन परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे इस रेलखंड पर रेल परिचालन प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक तकनीकी परीक्षणों एवं निरीक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इस क्रम में पश्चिम परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास द्वारा आगामी 05 एवं 06 नवंबर 2026 को टीही–धार रेलखंड का सीआरएस निरीक्षण किया जाएगा। इस निरीक्षण के दौरान रेलखंड में उपलब्ध कराई गई विभिन्न रेल संरचनाओं, ट्रैक, सिग्नलिंग एवं विद्युत संबंधी व्यवस्थाओं का सुरक्षा की दृष्टि से परीक्षण किया जाएगा तथा टीही-धार नवीन विद्युतीकृत रेल खंड में 130 किमीप्रघं की गति से ट्रायल किया जाएगा।
दाहोद नई रेल लाइन परियोजना पश्चिम रेलवे के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। टीही–धार रेलखंड पर इलेक्ट्रिक लोको का सफल स्पीड ट्रायल एवं आगामी सीआरएस निरीक्षण इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है।
आम नागरिकों से अनुरोध है कि इस दौरान रेलवे लाइन के आस-पास न जाए्ं और नहीें अपने पशुओं को जाने दें। रेलवे नियमों का पालन कर रेलवे की कार्यप्रणाली में सहयोग प्रदान करें।

