Movie prime

MP News: सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में आग से हुआ भारी नुकसान, दमकल को 3 किमी दूरी तय करने में लगा एक घंटा

 

MP News: मध्य प्रदेश राज्य के मुरैना जिले में सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। वहीं आग बुझाने के लिए दमकल को सूचना मिलने के बाद सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में पहुंचने हेतु 3 किलोमीटर की दूरी तय करने में 1 घंटे का समय लगा। मुरैना जिले में बानमोर इंडस्ट्रीयल एरिया की खेरापति सर्जिकल इंडस्ट्रीज में शाम सवा 5 बजे अचानक आग लग गई। यह आक सर्जिकल कॉटन के गोदाम में लगी। फैक्ट्री से 3 किमी दूर नगर परिषद बानमोर का फायर ब्रिगेड स्टेशन है। लेकिन यहां से फैक्ट्री तक आने में फायर ब्रिगेड को 1 घंटा लग गया। कारण है कि बानमोर नपा तिराहे पर हर समय जाम लगा रहता है। जाम से निबटने के लिए महीनों से योजनाएं बन रही हैं, लेकिन जाम से मुक्ति नहीं मिल रही है।

जानकारी के अनुसार इंडस्ट्रीयल एरिया बानमोर में दिनेश गोयल की सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री है। बानमोर इंडस्ट्रीयल एरिया यूनियन के अध्यक्ष संजय शर्मा महक्कीदार ने बताया कि 5 बजकर 15 मिनट पर आग की सूचना मुरैना और बानमोर की दमकलों को दी गई। सबसे नजदीक 3 किमी बानमोर का दमकल स्टेशन है। लेकिन यहां से दमकल एक घंटे में आ सकी। 

जाम में फंसी दमकल की गाड़ी 

मौके पर पहुंचे थाने के एसआई अरविंद शर्मा ने बताया कि जाम में दमकल फंस गई थी। जिसके कारण देरी हुई। इधर मुरैना की दमकल को भी बानमोर आने में इतना ही समय लगा। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट की संभावना सामने आ रही है। कारखाना मालिक गोयल के अनुसार उनका करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ है। रात 8 बजे तक आक पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा। दमकल फिर से जाम में न फंसे इसके लिए दमकलों को जेके टायर के फिलिंग स्टेशन से भरवाया जाता रहा। इंडस्ट्रीयल एरिया के अध्यक्ष शर्मा ने बताया इंडस्ट्रीयल एरिया में फायर ब्रिगेड स्टेशन तैयार हो रहा है। लेकिन उसे बनने में करीब 7 महीने का समय और लग जाएगा।