Movie prime

एमपी के कर्मचारियों को केंद्र के समान मिलेगा डीए, प्रमोशन का भी तैयार हो रहा प्लान 

एमपी के कर्मचारियों को केंद्र के समान मिलेगा डीए, प्रमोशन का भी तैयार हो रहा प्लान 
 

mp news:राज्य शासन के अफसर-कर्मचारियों के डीए में 5% की बढ़ोत्तरी की गई है। इस बढ़ोत्तरी के साथ ही अब उन्हें केन्द्रीय कर्मचारियों के समान 55% डीए मिलेगा। एरियर का भुगतान जून से अक्टूबर माह तक पांच समान किस्तों में मिलना शुरू होगा।
बढ़े वेतन का लाभ अप्रेल से ही मिलेगा। मई का वेतन बढ़ा हुआ मिलेगा। सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रांतीय सम्मेलन में यह घोषणा की। इसका लाभ 7.50 लाख कर्मियों को मिलेगा। इसी के साथ कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही डीए की मांग पूरी हो गई।

 5% अतिरिक्त डीए मिलने से राज्य के खजाने पर 175 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। सीएम ने यह भी कहा, लंबे समय से प्रमोशन की मांग चल रही थी। 2016 से यह लंबित है, हम प्रयास कर रहे हैं कि कर्मियों के सभी वर्गो के प्रमोशन जल्द हो सकें।

प्रमोशन का भी रास्ता खोज रही है सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द ही प्रमोशन शुरू किया जाएगा। 2016 से प्रमोशन का मामला कई कारणों से उलझा हुआ है। ऐसे में हमारी मंत्रिमण्डल की एक समिति बनाई गई थी।

 अधिकारियों के सभी वर्गों से बात कर रहे हैं कि बीच का रास्ता निकाला जाए। मैं मानकर चलता हूं कि हमारे भगवान महाकाल चाहेंगे तो जल्दी यह समय आएगा जब हम इसकी न केवल घोषणा करेंगे बल्कि उसे लागू भी करेंगे।

मार्च 2022 में हुई थी सर्वाधिक बढ़ोत्तरी

राज्य कर्मचारियों के डीए की बात करें तो 27 मार्च 2022 सर्वाधिक 11 प्रतिशत डीए बढ़ा गया था। उस दौरान कर्मचारियों को 20 प्रतिशत डीए मिल रहा था, यह बढकऱ 31 प्रतिशत हो गया था।

 इसी तरह 22 अगस्त 2022 को 3 प्रतिशत डीए बढ़ा तो कर्मचारियों का 31 से बढकऱ 34 प्रतिशत हो गया। 27 जनवरी 2023, 19 जुलाई 2023, 14 मार्च 2024 एवं 14 अक्टूबर 2024 को चार-चार प्रतिशत डीए बढ़ने कर्मचारियों का डीए बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया। अब 27 अप्रेल 2025 को फिर से 5 प्रतिशत अतिरिक्त डीए की घोषणा की। इससे कर्मचारियों का डीए बढकऱ 55 प्रतिशत हो जाएगा।

नकद एरियर चाहते हैं कर्मचारी

मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के अध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि नौकरशाहों की तरह राज्य के कर्मचारियों को भी नगद एरियर दिया जाना चाहिए था। क्योंकि नौकरशाहों को सरकार ने नगद एरियर दिया है, इसी तरह सरकार को कर्मचारियों के मामले में भी दरियादिली दिखाना चाहिए।

ऐसे मिलेगा

राज्य के सभी सरकारी कर्मियों के लिए 2024 से 3% और 1 जनवरी 2025 से 2% महंगाई भत्ते की अतिरिक्त किस्त मंजूर की है। अब महंगाई भत्ता केंद्रीय कर्मचारियों के समान 55% हो गया। एरियर राशि का भुगतान 5 समान किस्तों में जून 2025 से अक्टूबर 2025 तक होगा।