हरियाणा-पंजाब पानी विवाद, बीबीएमबी के रेगुलेशन डायरेक्टर के बाद अब सचिव को भी बदला
हरियाणा और पंजाब के बीच पानी का विवाद बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से भाखड़ा नहर से पानी के लेकर विवाद अब बवाल बन गया है। दोनों राज्यों के विवाद के बाद अब भाखड़ा ब्याज मैनेजमेंट यानी बीबीएमबी के वाटर रेगुलेशन डायरेक्टर के बाद अब इसके सचिव को भी बदल दिया गया है। सचिव सुरिंदर सिंह मित्तल हरियाणा के कोटे से बोर्ड में नियुक्त थे। इस उनके स्थान पर पंजाब कोटे के बलवीर सिंह ने कार्यभार संभाल लिया है। अब विवाद और भी गहरा गया है।
इससे पहले पंजाब कोटे से बोर्ड में नियुक्त भाखड़ा डैम के डायरेक्टर यानी वाटर रेगुलेशन इंजीनियर आकाशदीप सिंह को हटाया गया था। उनकी जगह हरियाणा कोटे से नियुक्त इंजीनियर संजीव कुमार को डायरेक्टर रेगुलेशन लगाया गया है। अब सूत्रों से सूचना आ रही है कि पंजाब पुलिस ने नंगल डैम के कंट्रोलिंग स्टेशन पर डेरा डाल लिया है। किसी को भी डैम के आसपास जाने की इजाजत नहीं दी जा रही। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि पंजाब का पानी केवल पंजाबियों के लिए है। इसे किसी और को देने नहीं देंगे। वे खुद नंगल डैम भी पहुंच गए। भगवंत मान ने कहा कि हरियाणा व राजस्थान में भाजपा की सरकार है, उन्होंने रात को गुंडागर्दी की है। दोनों ने मिलकर वोट डाले और खुद ही मेच्योरिटी में तय कर लिया कि पानी हरियाणा को दे दिया जाए। इस पर पंजाब के कोई हस्ताक्षर नहीं करवाए गए, जबकि पंजाब का बीबीएमबी 60 प्रतिशत हिस्सा है। ऐसे में राजनीतिक मुद्दा बनाकर पंजाब को इस वोटिंग से दूर रखा गया।
पानी पाकिस्तान जाएगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर हमला बोलते हुए कहा कि भगवंत मान की वजह से सारा पानी पाकिस्तान जा रहा है। वहीं डैम पर पुलिस की मौजूदगी को लेकर रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर ने कहा कि वह केवल सुरक्षा रिव्यू करने आए थे। पानी के मुद्दे से पुलिस का कोई लेनादेना नहीं है। पुलिस केवल सुरक्षा के लिए है।
साढ़े 8 हजार की जगह 4 हजार क्यूसिक पानी
पंजाब ने 17 दिन पहले भाखड़ा नहर से हरियाणा को मिलने वाले साढ़े 8 हजार क्यूसिक पानी को घटाकर 4 हजार क्यूसिक कर दिया। इस संदर्भ पर पंजाब की तरफ से सफाई देते हुए कहा गया कि हरियाणा अपने कोटे का पानी मार्च में ही खत्म कर चुका है। ऐसे में अब उसका पानी पर हक नहीं है। वह केवल मानवता के आधार पर ही हरियाणा को 4 हजार क्यूसिक पानी दे रहे हैं।
घटिया राजनीति करने का आरोप
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आम आदमी पार्टी पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया है। सैनी ने कहा कि अब चुनाव का समय आ गया है। इस समय आम आदमी पार्टी ऐसा ही करेगी। पंजाब के लोग सभी कुछ अच्छी तरह से समझते हैं। पंजाब संतों की धरती है, पंजाब के लोग बिना भेदभाव के सबको पानी पिलाते थे, लेकिन अब घटिया राजनीति हो रही है। पंजाब हमारा बड़ा भाई है, आम आदमी पार्टी को घटिया राजनीति छोड़कर आगे आना चाहिए। आज तक इतिहास में पानी को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ। यदि पंजाब में पानी की समस्या होती है तो हम अपने हिस्से का पानी भी पंजाब को देने के लिए तैयार हैं। भगवंत मान के कारण ही हमारे हिस्से का पानी पाकिस्तान चला जाएगा।