नई दिल्ली,17 नवम्बर (इ खबर टुडे)। सऊदी अरब में एक भीषण बस दुर्घटना हुई है, जिसमें 42 भारतीयों की मौत हो गई है। यह हादसा बीती रात लगभग 12 बजे के आसपास हुआ। बस मक्का से मदीना जा रही थी तभी रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
सऊदी अरब के एक अखबार के अनुसार, इस बस में ज्यादातर यात्री तेलंगाना राज्य यात्री सवार थे। हादसे में 42 यात्रियों की मौत की खबर सामने आ रही है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी बस दुर्घटना पर दुख जताया है। दुर्घटना में भारतीय उमरा तीर्थयात्रियों के मारे जाने की खबर आने के बाद तेलंगाना सरकार ने कहा कि वह रियाद में भारतीय दूतावास के संपर्क में है। एक आधिकारिक बयान में, राज्य सरकार ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने नई दिल्ली में अधिकारियों को सतर्क कर दिया है और उन्हें दूतावास अधिकारियों के साथ निकटता से समन्वय करने का निर्देश दिया है।
भारतीय दूतावास ने हादसे की पुष्टि करते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दूतावास के अनुसार मदीना के पास हुए दर्दनाक हादसे के मद्देनजर सऊदी अरब आए सभी भारतीय उमरा यात्रियों के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 24 घंटे खुला रहता है। भारतीय हज यात्री हेल्पलाइन नंबर- 8002440003 पर संपर्क कर सकते हैं।

